
JAMSHEDPUR (12 जुलाई 2026): जमशेदपुर के बिरसानगर स्थित दशमेश प्रकाश गुरुद्वारा में मजहबी सिंह रंगरेटा समाज द्वारा झारखंड अल्पसंख्यक आयोग की उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त) ज्योति सिंह मथारू का भव्य अभिनंदन किया गया। इस दौरान समाज और गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के एक प्रतिनिधिमंडल ने उनका स्वागत करते हुए एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन के जरिए समाज को झारखंड में अनुसूचित जाति (SC) का दर्जा, जाति प्रमाण पत्र और सरकारी नौकरियों में आरक्षण सहित अन्य संवैधानिक लाभ देने की पुरजोर मांग की गई।

हेमंत सरकार दिलाएगी पूरा अधिकार: ज्योति मथारू
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री ज्योति सिंह मथारू ने कहा कि समाज की यह मांग वर्षों पुरानी है और पूर्ववर्ती सरकारों द्वारा इस पर पहल न करना समझ से परे है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार शोषित, दलित और पिछड़े समाज के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वस्त करते हुए कहा, “मैंने इस विषय को गंभीरता से संज्ञान में लिया है और हर हाल में आपको आपका अधिकार दिलाकर रहूंगी।” उनके इस भरोसेमंद आश्वासन के बाद पूरी संगत ने ‘बोले सो निहाल, सत श्री अकाल’ के गगनभेदी जयकारों से गुरुद्वारा हॉल गुंजा दिया।
45 प्रतिशत आबादी, फिर भी मुख्यधारा से बाहर
ज्ञापन के माध्यम से प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि झारखंड में सिख समाज की कुल आबादी लगभग चार लाख है, जिसमें 45 प्रतिशत हिस्सेदारी अकेले मजहबी रंगरेटा समाज की है। इसके बावजूद यह समाज दयनीय और उपेक्षित जीवन जीने को मजबूर है। वर्ष 2015 से कई बार प्रशासनिक स्तर पर मांग पत्र सौंपने के बाद भी सकारात्मक पहल नहीं हुई। प्रमाण पत्र के अभाव में योग्य युवा शिक्षा और सरकारी नौकरियों में मिलने वाले आरक्षण से पूरी तरह वंचित हैं।
आठ राज्यों की तर्ज पर लागू हों सुविधाएं
समाज ने मुख्य रूप से मांग की है कि देश के पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान सहित आठ अन्य राज्यों की तर्ज पर झारखंड में भी मजहबी रंगरेटा समाज को SC का दर्जा मिले। साथ ही, जाति प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया को सरल किया जाए और केंद्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए।
कार्यक्रम में इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
इस भव्य अभिनंदन समारोह में बिरसानगर गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान रोशन सिंह, नामदा बस्ती के प्रधान दलजीत सिंह, तुइलाडुंगरी गुरुद्वारा के प्रधान सतबीर सिंह, रंगरेटा महासभा के प्रधान मनजीत सिंह गिल, तुइलाडुंगरी सिख नौजवान सभा के प्रधान रंजीत सिंह, दलबीर सिंह, लखबीर सिंह, प्रभजोत सिंह, हरजीत सिंह, हरमन सिंह, जगतार सिंह, मान सिंह, जसबीर पादरी, गुलशन सिंह, राजेंदर सिंह तरसिक्का, कुलदीप सिंह, कमलजीत सिंह, अमृत सिंह, प्रताप सिंह, मनमीत सिंह मथारू, गुरदीप सिंह, कुलवंत सिंह और सुखदेव सिंह सहित समाज के कई गणमान्य नागरिक और भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।


