
JAMSHEDPUR: शहर के व्यापारियों, उद्यमियों और उद्योग जगत को सुरक्षित और प्रतिस्पर्धी बनाने के उद्देश्य से सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री एक महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रहा है। आगामी 14 जुलाई 2026 (मंगलवार) को शाम 6:15 बजे से रात 8:30 बजे तक बिष्टुपुर स्थित चैंबर भवन में “सुरक्षा एवं ब्रांड संरक्षण” (Security & Brand Protection) विषय पर एक विशेष संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में टाटा स्टील के शीर्ष अधिकारी एमएसएमई और स्थानीय उद्योगों को कार्यस्थल सुरक्षा और ब्रांड को सुरक्षित रखने के गुर सिखाएंगे।

कार्यस्थल सुरक्षा पर होगा पहला सत्र
कार्यक्रम को दो महत्वपूर्ण सत्रों में बांटा गया है। प्रथम सत्र में उद्योगों में ‘सुरक्षा संस्कृति’ (Safety Culture) को बढ़ावा देने पर फोकस रहेगा। इसमें टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (SHS) राजीव मंगल के मार्गदर्शन में चीफ सेफ्टी नीरज के. सिन्हा “Safety No Longer a Choice” (सुरक्षा अब कोई विकल्प नहीं) विषय पर अपना व्याख्यान देंगे। इस दौरान एमएसएमई और अन्य कारखानों के लिए व्यावहारिक सुरक्षा उपाय, सुरक्षित कार्य वातावरण विकसित करने की आवश्यकता और दुर्घटनाओं को रोकने के प्रभावी उपायों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
नकली उत्पादों से ब्रांड बचाने की मिलेगी जानकारी
आज के समय में असली उत्पादों की नकल (Counterfeit Products) बाजार के लिए एक बड़ा खतरा बन चुकी है। इसी को ध्यान में रखते हुए दूसरे सत्र में टाटा स्टील के चीफ (सिक्योरिटी एंड ब्रांड प्रोटेक्शन) जितेन्द्र सिंह शेखावत और एरिया मैनेजर (ब्रांड प्रोटेक्शन) ध्रुबज्योति साहा “Protecting Brands and Safeguarding Consumers” विषय पर जानकारी साझा करेंगे। यह सत्र व्यापारियों को बताएगा कि नकली और डुप्लीकेट उत्पादों से कैसे बचा जाए, ग्राहकों का विश्वास कैसे कायम रखा जाए और बाजार में अपने ब्रांड की रक्षा कैसे की जाए।
READ MORE:SOUTH EASTERN RAILWAY :श्रावणी मेला पर शिवभक्तों को रेलवे की सौगात, महादेवसाल स्टेशन पर रुकेंगी 4 जोड़ी एक्सप्रेस ट्रेनें
कोई भी व्यापारी ले सकता है हिस्सा
कार्यक्रम के अंत में एक प्रश्नोत्तर सत्र (Q&A) भी होगा, जिसमें प्रतिभागी अपनी व्यावसायिक शंकाओं का समाधान सीधे विशेषज्ञों से प्राप्त कर सकेंगे। सिंहभूम चैंबर के अध्यक्ष मानव केड़िया ने स्पष्ट किया है कि आज के प्रतिस्पर्धी बाजार में सुरक्षा और ब्रांड संरक्षण हर व्यवसायी के लिए अहम है। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम केवल चैंबर के सदस्यों तक सीमित नहीं है। कोई भी व्यापारी, उद्यमी, प्रोफेशनल या इच्छुक व्यक्ति इस महत्वपूर्ण सत्र में भाग ले सकता है। उन्होंने शहर के सभी व्यवसायियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में चैंबर भवन पहुंचकर अपने व्यापार को सुरक्षित और मजबूत बनाने की जानकारी हासिल करें।


