
जमशेदपुर: साकची हाई स्कूल परिसर में आयोजित होने वाली एक दिवसीय अंतर विद्यालय खो-खो प्रतियोगिता की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रतियोगिता विद्यालय परिवार, पूर्ववर्ती छात्रों के समूह और पूर्वी सिंहभूम जिला खो-खो एसोसिएशन के संयुक्त सहयोग से आयोजित की जा रही है। इसमें बालक वर्ग की 16 और बालिका वर्ग की 14 टीमें विभिन्न विद्यालयों का प्रतिनिधित्व करेंगी।
प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर गुरुवार को साकची हाई स्कूल परिसर में शाम पांच बजे समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पूर्ववर्ती छात्र समिति के संयोजक शुभेंदु विश्वास ने की। इस दौरान पूर्वी सिंहभूम खो-खो एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष डॉ. श्याम शर्मा भी मौजूद रहे।
बालक और बालिका वर्ग में होगा मुकाबला
आयोजन समिति के संयोजक शुभेंदु विश्वास ने बताया कि प्रतियोगिता पूरी तरह निशुल्क होगी। इसका उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों में खेल भावना को बढ़ावा देना और उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करना है। प्रतियोगिता में जिला खो-खो एसोसिएशन की ओर से तकनीकी सहयोग दिया जाएगा।
प्रतियोगिता में विजेता और उपविजेता टीमों को आयोजन समिति की ओर से ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। आयोजन समिति के अनुसार, प्रतियोगिता से संबंधित सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
जिला खेल पदाधिकारी होंगी मुख्य अतिथि
प्रतियोगिता में पूर्वी सिंहभूम की जिला खेल पदाधिकारी रूपा रानी तिर्की मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। वहीं, कोलकाता के प्रख्यात फुटबॉलर प्रशांत बनर्जी और पश्चिम बंगाल के फुटबॉलर विश्वजीत दास विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
शुभेंदु विश्वास ने बताया कि साकची हाई स्कूल की ओर से पहली बार इस तरह की अंतर विद्यालय खो-खो प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। आयोजन को सफल बनाने के लिए पूर्ववर्ती छात्रों और समिति के सदस्यों का सहयोग मिल रहा है।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: नाना पाटेकर के निधन से जमशेदपुर के कलाकार शोकाकुल, कलाधाम में आयोजित हुई श्रद्धांजलि सभा
समीक्षा बैठक में शामिल हुए पूर्ववर्ती छात्र
बैठक में प्रणव सरकार, तापोशी बोस, पूर्वी घोष, शिप्रा भट्टाचार्य, शिवानी घोष, जबा घोषाल, बिजन सरकार, अनिंदो विश्वास, आयुष मंडल, जयंतो दत्ता, राजीव घोष और अरुण मुकूटी सहित पूर्ववर्ती छात्र समूह के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

