पोटका और कोवाली के ग्रामीण इलाकों को मिलेगा निर्बाध बिजली आपूर्ति का लाभ, पूर्वी सिंहभूम में जादूगोड़ा, उल्दा और हाता में भी ग्रिड सबस्टेशन की योजना
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड अंतर्गत पांडरसिली में शुक्रवार को पावर ग्रिड सबस्टेशन निर्माण कार्य का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया गया। सांसद विद्युत वरण महतो ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद परियोजना का शुभारंभ किया। लगभग 70 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस सबस्टेशन से पोटका और कोवाली क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद है।
परियोजना के पूरा होने के बाद क्षेत्र में विद्युत ट्रांसमिशन क्षमता बढ़ेगी और बिजली आपूर्ति पहले से अधिक निर्बाध बनाने में मदद मिलेगी। इससे घरेलू उपभोक्ताओं के साथ किसानों और स्थानीय उद्योगों को भी लाभ मिलने की संभावना है।
READ MORE:ADITYAPUR NEWS: आदित्यपुर-कांड्रा मार्ग पर शाम 5 से रात 8:30 बजे तक भारी वाहनों की नो-एंट्री, तीन जगह होगी निगरानी
पोटका के लोगों के लिए बड़ी सौगात: सांसद
शिलान्यास कार्यक्रम में सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि पावर ग्रिड सबस्टेशन के निर्माण से पोटका क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की समस्या दूर करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि किसानों, उद्योगों और घरेलू उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराना इस परियोजना का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। यह पोटका क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी सौगात है।
पूर्वी सिंहभूम में कई अन्य ग्रिड सबस्टेशन की योजना
सांसद ने बताया कि एक दिन पहले झारखंड बिजली ट्रांसमिशन निगम लिमिटेड के महाप्रबंधक आरएल पासवान ने उनसे मुलाकात कर पूर्वी सिंहभूम जिले में विद्युत ट्रांसमिशन से जुड़ी प्रस्तावित और स्वीकृत योजनाओं की जानकारी दी थी।
बैठक में बताया गया कि जादूगोड़ा, उल्दा (गालूडीह) और हाता में पावर ग्रिड सबस्टेशन निर्माण को प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है। इन परियोजनाओं का विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार करने की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी। इसके बाद टेंडर की प्रक्रिया शुरू होगी।
इसके अलावा पटमदा, मोहरदा (जमशेदपुर) और गुड़ाबांदा में भी पावर ग्रिड सबस्टेशन बनाने का प्रस्ताव है। इन योजनाओं के माध्यम से 133/32 केवी ट्रांसमिशन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में काम किया जाएगा। इससे पूर्वी सिंहभूम के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की समस्या कम करने में मदद मिलेगी।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS:वंदे भारत में एक सप्ताह पहले एक्सपायर हो चुका नमकीन परोसा
विधायक और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
शिलान्यास कार्यक्रम में पोटका विधायक संजीव सरदार, जिला परिषद सदस्य सविता सरदार, मुखिया सरस्वती मुर्मू, जसवंत महतो समेत भारतीय जनता पार्टी के कई कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद थे।



