
जमशेदपुर। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने जुलाई 2026 सत्र के लिए अपनी प्रवेश प्रक्रिया तेज कर दी है। इग्नू के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. एस मोहंती ने जमशेदपुर स्थित इग्नू के समन्वयक डॉ. त्रिपुरा झा (LSC-32051) को अहम जानकारी देते हुए बताया कि विश्वविद्यालय ने 36 विभिन्न विषयों में Ph.D. प्रोग्राम के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इसके साथ ही, जलवायु परिवर्तन के बढ़ते वैश्विक संकट को देखते हुए इग्नू ने देश में पहली बार ‘एमएससी (क्लाइमेट चेंज)’ कोर्स की भी शानदार शुरुआत की है।

Ph.D. आवेदन की महत्वपूर्ण तिथियां और विषय
Ph.D. में नामांकन के लिए आवेदन प्रक्रिया 10 जून 2026 से शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार 1 जुलाई 2026 तक अपना ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। इच्छुक विद्यार्थी इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट (www.ignou.ac.in) या एडमिशन पोर्टल (ignou-phd.samarth.edu.in) के जरिए आवेदन कर सकते हैं। विश्वविद्यालय साइकोलॉजी, पॉलिटिकल साइंस, लाइफ साइंसेज, मैथमेटिक्स, कंप्यूटर साइंस, मैनेजमेंट, जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन सहित कुल 36 विषयों में शोध करने का अवसर प्रदान कर रहा है।
एडमिशन प्रक्रिया, शुल्क और अनिवार्य योग्यता
नामांकन UGC रेगुलेशंस, 2022 के मानकों के तहत किया जाएगा। जेआरएफ (JRF) के साथ UGC-NET, केवल Ph.D. के लिए योग्य UGC-NET और यूनिवर्सिटी-लेवल एंट्रेंस टेस्ट के माध्यम से प्रवेश मिलेगा। सभी श्रेणियों के लिए इंटरव्यू (मौखिक परीक्षा) अनिवार्य है। आवेदन शुल्क 2,000 रुपये निर्धारित किया गया है। फुल-टाइम और पार्ट-टाइम दोनों तरह के Ph.D. स्कॉलर्स को नई दिल्ली स्थित इग्नू मुख्यालय में अपना कोर्स वर्क पूरा करना होगा, जिसके लिए 80 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य रखी गई है।
पर्यावरण संकट के बीच ‘एमएससी क्लाइमेट चेंज’ की नई पहल
इग्नू देश की पहली ऐसी ओपन यूनिवर्सिटी बन गई है, जिसने जलवायु परिवर्तन पर केंद्रित पोस्ट ग्रेजुएट (PG) पाठ्यक्रम शुरू किया है। इस दो वर्षीय बहुविषयक एमएससी कार्यक्रम में जलवायु विज्ञान, जलवायु जोखिम, पर्यावरणीय शासन, सतत विकास, आपदा जोखिम न्यूनीकरण, जैव विविधता और कचरा प्रबंधन जैसे अहम विषयों की गहरी शिक्षा दी जाएगी। यह कोर्स विद्यार्थियों को पर्यावरण की वास्तविक चुनौतियों का व्यावहारिक समाधान निकालने में पूरी तरह से सक्षम बनाएगा।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: मोदी सरकार के 12 वर्ष जन-विश्वास, सुशासन और विकास की ऐतिहासिक यात्रा, झारखंड को मिला रिकॉर्ड पैकेज
अन्य कोर्सेज में 15 जुलाई तक नामांकन का मौका
जुलाई 2026 सत्र के लिए इग्नू के विभिन्न स्नातक (UG), स्नातकोत्तर (PG), डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्सेज में भी ऑनलाइन नामांकन की प्रक्रिया जोरों पर है। अभ्यर्थी इन कार्यक्रमों में 15 जुलाई तक अपना आवेदन सुनिश्चित कर सकते हैं। लगभग 40 लाख अध्ययनरत विद्यार्थियों वाले दुनिया के इस सबसे बड़े विश्वविद्यालय में नौकरी या अन्य कार्यों के साथ उच्च शिक्षा हासिल करने का यह एक बेहद शानदार अवसर है।



