
मानगो नगर निगम की लापरवाही से रुका फ्लाईओवर और एलिवेटेड कॉरिडोर का काम
जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने गुरुवार को पूर्वी सिंहभूम वन प्रमंडल के डीएफओ (DFO) से मुलाकात कर मानगो और एनएच 33 पर चल रही सड़क परियोजनाओं में हो रही देरी पर सीधी बातचीत की। इस बातचीत में एक बड़ा खुलासा हुआ है। डीएफओ ने साफ किया कि पायल सिनेमा के सामने सड़क चौड़ीकरण और फ्लाईओवर रैम्प के लिए वन विभाग जमीन हस्तांतरित करने को तैयार है, लेकिन मानगो नगर निगम ने इसके लिए अब तक ‘परिवेश पोर्टल’ पर विधिवत आवेदन ही नहीं किया है।

वन विभाग ने दो बार भेजा रिमाइंडर, फिर भी सोया है निगम प्रशासन
डीएफओ के मुताबिक, वन विभाग की ओर से मानगो नगर निगम को दो बार बकायदा पत्र लिखकर याद दिलाया जा चुका है, इसके बावजूद निगम प्रशासन ने आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं की। डीएफओ ने सीधे तौर पर कहा कि इस महत्वपूर्ण परियोजना में हो रही देरी और इससे आम जनता को होने वाली भारी असुविधा के लिए पूरी तरह से मानगो नगर निगम जिम्मेदार है।
READ MORE..BILASPUR NEWS: वडसा रेलवे स्टेशन पर आधुनिक सिग्नल प्रणाली का सफल कमीशनिंग, ट्रेनों का परिचालन होगा अधिक सुरक्षित
केंद्रीय राज्यमंत्री के बयान पर डीएफओ का बड़ा स्पष्टीकरण
गौरतलब है कि बीते बुधवार को केंद्रीय राज्यमंत्री सतीश चंद्र दुबे ने एक जनसभा में कहा था कि राज्य सरकार जितनी जल्दी वन भूमि हस्तांतरित करेगी, उतनी ही जल्दी एनएच 33 पर ऊपरी पथ (एलिवेटेड कॉरिडोर) का निर्माण पूरा हो जाएगा। इस पर डीएफओ ने सरयू राय को बताया कि पारडीह काली मंदिर से बालीगुमा तक बनने वाले इस ऊपरी पथ के लिए वन विभाग से क्लीयरेंस मिल चुका है और वाइल्ड लाइफ बोर्ड की अनुमति भी प्राप्त हो चुकी है। डीएफओ ने कहा कि शायद केंद्रीय मंत्री को इसकी अद्यतन जानकारी नहीं थी, इसलिए उन्होंने ऐसा बयान दिया।
सरयू राय की अपील: केंद्र और राज्य सरकार मिलकर शुरू करें काम
डीएफओ से स्थिति स्पष्ट होने के बाद विधायक सरयू राय ने कहा कि जब वन विभाग और वाइल्ड लाइफ बोर्ड से हरी झंडी मिल चुकी है, तो केंद्र और राज्य सरकार के संबंधित विभागों को तुरंत पहल करके विधिवत काम शुरू कर देना चाहिए। उन्होंने मानगो नगर निगम को सख्त लहजे में कहा कि वे बिना किसी देरी के अपना आवेदन जल्द से जल्द परिवेश पोर्टल पर अपलोड करें ताकि जनता को जाम से मुक्ति मिल सके।
READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS: जन शिकायत पर सरयू राय ने किया सोनारी का औचक दौरा, अधिकारियों को लगाई फटकार
इन दो बड़ी परियोजनाओं पर अटका है पेंच
आपको बता दें कि वन भूमि हस्तांतरण न होने के कारण जमशेदपुर की दो सबसे महत्वपूर्ण परियोजनाएं अधर में लटकी हैं:
पहली परियोजना: मानगो चौक से पायल सिनेमा की ओर जाने वाले फ्लाईओवर रैम्प का अंतिम छोर, जहाँ वन भूमि न मिलने से निर्माण रुका है और रोजाना ट्रैफिक जाम व दुर्घटनाएं हो रही हैं।
दूसरी परियोजना: पारडीह काली मंदिर से बालीगुमा तक एनएच 33 के ऊपर बन रहा एलिवेटेड कॉरिडोर (ऊपरी पथ), जिसका जिक्र केंद्रीय मंत्री ने भी किया था।


