
जमशेदपुर.
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के आह्वान पर मंगलवार को बिष्टुपुर स्थित पोस्टल पार्क के पास बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया. बड़ी संख्या में जुटे बैंक कर्मियों ने सरकार की मजदूर-विरोधी नीतियों का विरोध करते हुए सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग को लेकर नारेबाजी की.
READ MORE :Jamshedpur News :आपराधिक कांडों के अनुसंधान क्रम में प्रभावित होकर निर्णय लेना चिंताजनक: सरयू राय
प्रदर्शन के दौरान विभिन्न संगठनों के नेताओं ने सभा को संबोधित किया और कहा कि पिछले पांच–छह वर्षों से पांच दिवसीय बैंकिंग प्रणाली लागू करने की मांग पर आंदोलन जारी है. उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष मार्च में भी एक दिवसीय हड़ताल का आह्वान किया गया था, लेकिन केंद्रीय श्रम आयुक्त के हस्तक्षेप के बाद उसे स्थगित किया गया. इसके बाद भारतीय बैंक संघ (IBA) के साथ इस मुद्दे पर सहमति बनी थी, लेकिन वित्त मंत्रालय के अधीन डीएफएस ने अब तक इसे स्वीकृति नहीं दी है.
READ MORE :Adityapur News :एनआईटी जमशेदपुर का 15वां दीक्षांत समारोह, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विद्यार्थियों को राष्ट्र-निर्माण का दिया मंत्र
नेताओं ने कहा कि आरबीआई, नाबार्ड, एलआईसी सहित कई वित्तीय संस्थानों में सप्ताह में पांच दिन कार्यप्रणाली लागू है, फिर भी बैंकों के लिए इस व्यवस्था को टालना कर्मचारियों के साथ अन्याय है.
सभा को कामरेड स्वपन आदक, सत्य प्रकाश और सुजय राय ने संबोधित किया और आंदोलन को आगे जारी रखने का आह्वान किया. बैंक कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा.



