
जमशेदपुऱ।

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के अवसर पर जिलेवासियों को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से समाहरणालय परिसर से सड़क सुरक्षा जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रथ को कर्ण सत्यार्थी, उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम द्वारा रवाना किया गया। इस मौके पर निदेशक एनईपी, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी, डीटीओ, एमवीआई सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
READ MORE :Jamshedpur News :टाटा स्टील यूआईएसएल ने केक-कटिंग समारोह के साथ किया नववर्ष 2026 का स्वागत
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने का प्रयास
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि सड़क सुरक्षा जागरूकता रथ का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करना है। सड़क सुरक्षा माह के दौरान जिले भर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और जानमाल की क्षति को रोका जा सके।
नागरिकों की भागीदारी जरूरी
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन इनका वास्तविक लाभ तभी संभव है जब नागरिक स्वयं जिम्मेदारी समझते हुए नियमों का पालन करें। हेलमेट, सीट बेल्ट और गति सीमा जैसे नियम केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जीवन सुरक्षा के महत्वपूर्ण साधन हैं।
जिले भर में होंगे विविध कार्यक्रम
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के तहत जिले में रैली, नुक्कड़ नाटक, निबंध एवं क्विज प्रतियोगिता, सघन वाहन जांच अभियान जैसी कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इस अभियान में शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन, पुलिस सहित विभिन्न विभागों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है।
स्कूल और पंचायत स्तर पर विशेष अभियान
ग्रामीण, शहरी और पंचायत स्तर पर विशेष रूप से स्कूल के बच्चों के बीच भी सड़क सुरक्षा से जुड़े जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। इसका उद्देश्य कम उम्र से ही बच्चों में यातायात नियमों के प्रति समझ विकसित करना है, ताकि वे स्वयं भी सुरक्षित रहें और दूसरों को भी जागरूक कर सकें।
जागरूकता रथ देगा महत्वपूर्ण संदेश
जागरूकता रथ के माध्यम से ऑडियो क्लिप के जरिए यातायात नियमों से संबंधित दिशा-निर्देशों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। यह रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को
हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग
दुपहिया वाहन पर दोनों सवारों के लिए हेलमेट की अनिवार्यता
नशे की हालत में वाहन न चलाने
निर्धारित गति सीमा का पालन
अनावश्यक ओवरटेक से बचने
जैसे महत्वपूर्ण संदेश देगा।
सड़क सुरक्षा हम सबकी जिम्मेदारी
उपायुक्त ने नागरिकों से अपील की कि सड़क सुरक्षा को केवल अभियान न समझें, बल्कि इसे अपनी जिम्मेदारी मानें। यातायात नियमों का पालन कर न केवल अपनी, बल्कि दूसरों की जान की भी रक्षा की जा सकती है।



