
JAMSHEDPUR
जमशेदपुर: शहर में लगातार बढ़ते अपराध, बिगड़ती कानून-व्यवस्था तथा भाजपा कार्यकर्ताओं पर दर्ज निराधार मुकदमों के विरोध में सियासत गरमा गई है। भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में पार्टी के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो के साथ पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. एहतेशाम वकारिब से मुलाकात की और एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने शहर में बढ़ रही हत्या, लूट, चोरी और छिनतई जैसी आपराधिक घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की।

डिमना रोड में एक ही रात 9 दुकानों में चोरी से दहशत
सांसद विद्युत वरण महतो ने एसएसपी से बातचीत के दौरान कहा कि हाल के दिनों में जमशेदपुर में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ा है, जिससे आम नागरिकों में भय और असुरक्षा का माहौल है। उन्होंने विशेष रूप से मानगो डिमना रोड का जिक्र करते हुए कहा कि एक ही रात में नौ दुकानों में हुई चोरी की वारदात ने पुलिसिया गश्त और शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है। सांसद ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी, कठोर कार्रवाई और संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्ती को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया।
READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS: पूर्वी सिंहभूम के ग्रामीण इलाकों में मलेरिया का तांडव, भाजपा ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
शांतिपूर्ण जमशेदपुर बंद पर टेल्को थाने में फर्जी FIR का विरोध
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने गत 3 जुलाई को शांतिपूर्ण जमशेदपुर बंद के दौरान टेल्को थाना में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं एवं दर्जनों कार्यकर्ताओं पर गंभीर और निराधार धाराओं में दर्ज की गई प्राथमिकी (FIR) पर कड़ा विरोध दर्ज कराया। नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से जनहित के मुद्दों को उठाने वाले कार्यकर्ताओं के विरुद्ध संगीन धाराएं लगाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने इन मामलों की निष्पक्ष समीक्षा कर निराधार धाराओं को तुरंत हटाने और निर्दोष कार्यकर्ताओं को न्याय दिलाने की मांग की।
कन्हैया यादव हत्याकांड और गोलमुरी पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल
इसके अतिरिक्त, प्रतिनिधिमंडल ने गोलमुरी थाना में दर्ज उस मामले को भी प्रमुखता से उठाया, जिसमें कन्हैया यादव हत्याकांड के बाद आक्रोशित लोगों को समझाकर सड़क जाम समाप्त कराने पहुंचीं जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू के साथ मौजूद भाजपा गोलमुरी मंडल अध्यक्ष बैजनाथ उपाध्याय (पप्पू उपाध्याय) एवं कार्यकर्ता हरेराम यादव के विरुद्ध भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्रतिनिधिमंडल ने इसे पूरी तरह राजनीति से प्रेरित और निराधार बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS: मानगो में आपराधिक-राजनीतिक गठजोड़ फिर सक्रिय, सरयू राय ने दी खुली चेतावनी
एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने दिया निष्पक्ष जांच का भरोसा
वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब ने प्रतिनिधिमंडल की सभी शिकायतों को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि उठाए गए सभी बिंदुओं की निष्पक्ष जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के साथ-साथ भाजपा कार्यकर्ताओं से संबंधित मामलों की भी पारदर्शी एवं विधिसम्मत जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस मौके पर प्रतिनिधिमंडल में जिला उपाध्यक्ष संजीव सिंह, बबुआ सिंह, अमरजीत सिंह राजा, जिला महामंत्री राजीव सिंह एवं जिला मंत्री तन्मय झा सहित कई अन्य नेता मौजूद रहे।


