
JAMSHEDPUR
पोटका में मलेरिया और सेरेब्रल मलेरिया का बढ़ता प्रकोप
पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड समेत विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में मलेरिया और ब्रेन (सेरेब्रल) मलेरिया का प्रकोप तेजी से पैर पसार रहा है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में सोमवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला उपायुक्त राजीव रंजन से मुलाकात की और एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से प्रभावित इलाकों में तत्काल विशेष स्वास्थ्य अभियान चलाने की मांग की गई है। इस दौरान जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

2000 से अधिक लोग संक्रमित, 7 की मौत से हड़कंप
सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि पोटका प्रखंड की नारदा, हरिणा, पोड़ा तेंतला, ग्वालकाटा, माटिन, गांगाडीह, हेंसाबिल और टांगराईन पंचायतों के दर्जनों गांव मलेरिया की चपेट में हैं। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, अब तक 2000 से अधिक लोग इस बीमारी से संक्रमित हो चुके हैं, जबकि 7 लोगों की जान जा चुकी है। हेंसाबिल पंचायत के खड़ियासाई गांव में सेरेब्रल मलेरिया से एक मासूम बच्चे की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि संक्रमण पर अब तक प्रभावी नियंत्रण नहीं हो सका है, जिससे स्थिति और भयावह हो सकती है।
READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS: मिथिला सांस्कृतिक परिषद की आमसभा में तीन बड़े प्रस्ताव पास, कार्यकारिणी भंग, 2 अगस्त को चुनाव
स्वास्थ्य सुविधाओं को दुरुस्त करने की मांग
प्रतिनिधिमंडल में शामिल सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व विधायक मेनका सरदार और पूर्व प्रत्याशी मीरा मुंडा ने उपायुक्त से प्रभावित गांवों में तुरंत मेडिकल टीमें भेजने, जांच किट व दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और गंभीर मरीजों के बेहतर इलाज की मांग की। मीरा मुंडा ने प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर लगाने, मच्छरदानी वितरण और बागबेड़ा जैसे शहरी इलाकों में भी फॉगिंग व एंटी-लार्वा दवाओं के छिड़काव का सुझाव दिया। नेताओं ने चेतावनी दी कि जनस्वास्थ्य से जुड़े इस संवेदनशील मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिला प्रशासन ने दिया त्वरित कार्रवाई का आश्वासन
भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि पार्टी जनहित के इस कार्य में प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने के लिए तैयार है। वहीं, जिला उपायुक्त राजीव रंजन ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मलेरिया की रोकथाम प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा सर्वे और इलाज तेज करने, अतिरिक्त मेडिकल टीमों की तैनाती करने, ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव और फॉगिंग को नियमित करने का भरोसा दिया।
READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS : मारवाड़ी महिला मंच का 3 दिवसीय भव्य राखी मेला 20 जुलाई से तुलसी भवन में होगा शुरू
इस मौके पर भाजपा के संजीव सिंह, बबुआ सिंह, अमरजीत सिंह राजा, राजीव सिंह, जितेंद्र राय और तन्मय झा सहित कई नेता उपस्थित थे।


