
JAMSHEDPUR
जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो इलाके में आपराधिक और राजनीतिक गठजोड़ के एक बार फिर पैर पसारने पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि इस सिंडिकेट के खिलाफ एक निर्णायक लड़ाई की शुरुआत हो चुकी है और इसे किसी भी हाल में पनपने नहीं दिया जाएगा।

राय ने एक बयान जारी कर दावा किया कि पिछले कुछ महीनों से यह गठजोड़ सोशल मीडिया और अन्य प्रचार माध्यमों का सहारा लेकर बेबुनियाद खबरें फैला रहा था। वे इसके जरिए क्षेत्र में अपनी मौजूदगी का संदेश देने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन अब उनकी पर्दे के पीछे की गतिविधियां खुलकर सबके सामने आ चुकी हैं।
2005 से सक्रिय है यह खतरनाक नेटवर्क
विधायक ने कहा कि वह वर्ष 2005 से ही इस पूरे नेटवर्क की कार्यप्रणाली को बहुत करीब से देख रहे हैं। उनके अनुसार, राजनीतिक संरक्षण पाए ये अपराधी मंत्रियों और विधायकों के साथ अपनी तस्वीरों वाले पोस्टर सार्वजनिक स्थानों पर लगाते हैं। ऐसा करके वे आम जनता के बीच यह संदेश देने की कोशिश करते हैं कि उन्हें सत्ता का पूरा संरक्षण हासिल है।
READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS: 700 करोड़ का पानी उद्योगों को, किसान प्यासे! सरयू राय का हेमंत सरकार पर बड़ा हमला
युवाओं को अपराध की दुनिया में धकेलने की साजिश
राय ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस के एक युवा नेता की पहचान का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके जरिए कृष्णा नगर, गुरुद्वारा बस्ती और पारस नगर जैसे संवेदनशील इलाकों में कम उम्र के लड़कों को जाल में फंसाया जा रहा है। इन युवाओं को अपने प्रभाव में लेकर अपराध की दुनिया में धकेला जा रहा है, ताकि गिरोह के लिए नया मानव बल (मैनपावर) तैयार किया जा सके।
नगर निगम चुनाव के बाद अचानक बढ़ी गतिविधियां
उन्होंने बताया कि जब भी जनता चुनाव में इनके राजनीतिक संरक्षकों को नकार देती है, तब इन अपराधियों की गतिविधियां ठंडी पड़ जाती हैं। लेकिन जैसे ही उनके आका दोबारा सक्रिय होते हैं, अपराधियों का जुटान भी शुरू हो जाता है। नवंबर 2024 के विधानसभा चुनाव के बाद यह गिरोह बिल्कुल शांत था, लेकिन हालिया मानगो नगर निगम चुनाव के बाद इनकी गतिविधियां अचानक से काफी तेज हो गई हैं।
READ MORE..DEOGHAR NEWS: उपायुक्त की अध्यक्षता में DMFT की बैठक, खनन प्रभावित क्षेत्रों में AI ट्रेनिंग सेंटर और हेल्थ यूनिट्स को मिली हरी झंडी
आम जनता में भय का माहौल बनाने का प्रयास
राय ने आरोप लगाया कि अब स्थिति यह हो गई है कि महज अपराधियों का नाम लेने पर ही उनके समर्थक विरोध प्रदर्शन, पुतला दहन और तस्वीरों का अपमान करने जैसी हरकतों पर उतर आते हैं। मानगो नगर निगम क्षेत्र को अपराधियों का नया अड्डा बनाने की कोशिश हो रही है, जिससे आम लोगों में डर और खौफ का माहौल पैदा किया जा सके।
उन्होंने मानगो की जनता से अपील की है कि अगर समय रहते इस पर कार्रवाई नहीं हुई, तो बालीगुमा-गुरुद्वारा रोड से लेकर आजाद नगर और जाकिर नगर तक का पूरा इलाका अपराधियों के चंगुल में फंस जाएगा। इस उभरते आपराधिक-राजनीतिक गठजोड़ को जड़ से मिटाना बेहद जरूरी है।


