जमशेदपुर: युवाओं को रोजगार के बेहतरीन अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से जमशेदपुर के एलबीएसएम (LBSM) कॉलेज में 4 अगस्त को एक विशाल ‘अप्रेंटिस सह रोजगार मेला’ का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन क्वैस कॉर्प लिमिटेड (Quess Corp Ltd), ए डिजिटल इंडिया और एलबीएसएम कॉलेज के प्लेसमेंट सेल के संयुक्त तत्वावधान में हो रहा है। इस रोजगार मेले में देश की तीन दिग्गज कंपनियां—टाटा मोटर्स, एमआरएफ (MRF) लिमिटेड और धूत ट्रांसमिशन प्राइवेट लिमिटेड हिस्सा ले रही हैं। यह मेला 18 से 28 वर्ष के युवाओं के लिए अपने करियर को नई उड़ान देने का एक सुनहरा अवसर है।
सुविधाएं: चयनित विद्यार्थियों को अप्रेंटिस ट्रेनिंग के दौरान 17,149 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड मिलेगा। इसके अलावा फ्री ट्रांसपोर्ट, भोजन, ड्रेस, मेडिकल सपोर्ट और प्रति वर्ष 12,000 रुपये का बोनस भी दिया जाएगा।
2. एमआरएफ लिमिटेड (MRF Limited)
लोकेशन: दहेज, गुजरात।
योग्यता एवं आयु: 18 से 28 वर्ष तक के विद्यार्थी।
सुविधाएं: लीड ट्रेनिंग के रूप में 18,000 से 21,000 रुपये तक प्रतिमाह वेतन और इंसेंटिव। ट्रेनिंग पीरियड में रहने की व्यवस्था, ट्रांसपोर्ट, कैंटीन, बीमा सुविधा और इंडस्ट्री ट्रेनिंग भी दी जाएगी।
लोकेशन: छत्रपति संभाजी नगर (औरंगाबाद), महाराष्ट्र।
योग्यता: मैट्रिक, इंटर, आईटीआई, डिप्लोमा या स्नातक पास।
सुविधाएं: ट्रेनी और ऑपरेटर के पदों पर चयन। 18,000 से 21,000 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड के साथ-साथ रहने की व्यवस्था, ट्रांसपोर्ट, कैंटीन और इंश्योरेंस की सुविधा।
इस मेगा प्लेसमेंट ड्राइव को सफल बनाने के लिए नेशनल अप्रेंटिसशिप स्कीम के को-ऑर्डिनेटर डॉ. अजय वर्मा के नेतृत्व में 11 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। यह कमेटी पिछले 5 वर्षों में पास आउट हुए छात्रों के साथ-साथ वर्तमान में छठे सेमेस्टर और यूजी (UG) अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं को भी मेले में भाग लेने के लिए प्रेरित कर रही है। कंपनियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि राज्य से बाहर जाने वाले विद्यार्थियों का झारखंड सरकार के नियमों के अनुसार विधिवत रजिस्ट्रेशन अनिवार्य होगा। सोमवार को सभी शिक्षकों और कर्मियों की बैठक में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।
छात्रों के लिए जरूरी निर्देश
रोजगार मेले की मुख्य प्रक्रिया कॉलेज के सेमिनार हॉल में पूरी की जाएगी। भीड़ अधिक होने पर अंग्रेजी, राजनीति विज्ञान और अर्थशास्त्र विभागों में भी बैठने की व्यवस्था की गई है। उम्मीदवारों को अपना अद्यतन रिज्यूम (Resume), सभी शैक्षणिक प्रमाणपत्रों की मूल और छायाप्रति (Photocopy), तथा अपना आधार कार्ड अनिवार्य रूप से साथ लाना होगा।
छात्रों के भविष्य को लेकर तत्पर है प्रबंधन
एलबीएसएम कॉलेज के प्राचार्य डॉ. ए.के. झा ने बताया कि कुलपति प्रो. डॉ. अंजिला गुप्ता के कुशल मार्गदर्शन में कॉलेज लगातार छात्रों के रोजगार के लिए प्रयासरत है। पिछले सत्र (2023-24) में भी टाटा स्टील में क्रेन ऑपरेटर के पदों पर 28 आदिवासी छात्रों का चयन हुआ था। इसके अलावा पूर्व में आयोजित रोजगार मेले में 978 बच्चों को अप्रेंटिसशिप मिली थी और इसी वर्ष क्वैस कॉर्प के माध्यम से 88 बच्चों को टाटा मोटर्स में अवसर प्रदान किया गया है।