जमशेदपुर : शहर के व्यस्ततम इलाकों में शुमार मानगो बाजार में फैली अव्यवस्था और बदहाली को लेकर मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। जनता और व्यापारियों से लगातार मिल रही शिकायतों का संज्ञान लेते हुए, मेयर सुधा गुप्ता और झारखंड के पूर्व मंत्री श्री बन्ना गुप्ता ने मानगो बाजार क्षेत्र का विस्तृत और औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बुनियादी समस्याओं को गंभीरता से लिया और मौके पर मौजूद अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था सुधारने के कड़े निर्देश दिए।
जाम नालियां और बजबजाती गंदगी देख भड़कीं मेयर
निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों और दुकानदारों ने नाली जाम होने और जलभराव की समस्या को प्रमुखता से उठाया। मेयर ने खुद देखा कि कई जगहों पर नालियां पूरी तरह से जाम पड़ी हैं और सड़कों पर गंदगी की स्थिति बनी हुई है। इस अव्यवस्था पर कड़ी नाराजगी जताते हुए मेयर सुधा गुप्ता ने अधिकारियों को सफाई व्यवस्था तुरंत दुरुस्त करने और इसकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया।
सिर पर मंडराता खतरा: जर्जर तारों पर बिजली विभाग को अल्टीमेटम
बाजार भ्रमण के दौरान जगह-जगह बिजली के जर्जर और खुले लटकते हुए तार पाए गए, जो किसी भी वक्त बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। इसे अत्यंत गंभीरता से लेते हुए मेयर ने तुरंत विद्युत विभाग के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द इन लटकते तारों को दुरुस्त कर बाजार में सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि जनता और व्यापारियों को खतरे से बचाया जा सके।
खस्ताहाल सड़कें बनेंगी, जुस्को और बाजार समिति के साथ होगा समन्वय
मानगो बाजार को जोड़ने वाली मुख्य सड़कों की हालत भी काफी खराब पाई गई। मेयर ने संबंधित विभागों को जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू करने और गुणवत्तापूर्ण कार्य (Quality Work) सुनिश्चित करने का निर्देश दिया ताकि आवागमन में लोगों को असुविधा न हो।
मुख्य मार्ग की नालियों के निर्माण पर भी विशेष जोर दिया गया, जिससे जल निकासी (Drainage System) का स्थायी समाधान हो सके। मेयर ने नगर निगम के अधिकारियों को जुस्को (JUSCO) और बाजार समिति के साथ आपसी समन्वय स्थापित कर इन समस्याओं को जल्द सुलझाने का निर्देश दिया।
“लापरवाही बर्दाश्त नहीं”: पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने जनता को दिया आश्वासन
इस औचक निरीक्षण के दौरान मेयर श्रीमती सुधा गुप्ता ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा, “जनता की समस्याओं का समाधान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी अधिकारी या विभाग की लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग समयबद्ध तरीके से काम पूरा कर प्रगति रिपोर्ट सौंपें।”
वहीं, मौके पर मौजूद पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता से स्थानीय लोगों ने अपनी परेशानियां साझा कीं। टूटी सड़क, जर्जर तार और नालियों के निर्माण की मांग पर बन्ना गुप्ता ने जनता को आश्वस्त किया कि उनकी हर समस्या का स्थायी समाधान जल्द निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए मानगो की मेयर पूरी तत्परता और लगन के साथ धरातल पर काम कर रही हैं। निरीक्षण के दौरान नगर निगम समेत कई विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।





