जमशेदपुर । को-ऑपरेटिव कॉलेज मैदान में रविवार को गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी साकची द्वारा आयोजित तीन दिवसीय ‘खालसा प्रीमियर लीग’ (KPL) का रोमांचक समापन हुआ। टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में खालसा वॉरियर एकादश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मजबूत टीम टिनप्लेट सुपर किंग्स को 7 विकेट से हराकर केपीएल के खिताब पर अपना शानदार कब्जा जमा लिया। विजेता और उपविजेता टीमों को अतिथियों द्वारा ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया गया।
READ MORE :Jamshedpur News :साहित्यिक समूह ‘फुरसत में’ का स्थापना दिवस समारोह: काव्य, सृजन और सम्मान का खूबसूरत संगम
बल्लेबाजों का ताबड़तोड़ प्रदर्शन, रौनक ने पलटा मैच का रुख
फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टिनप्लेट सुपर किंग्स की टीम निर्धारित 8 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर मात्र 72 रन ही बना सकी। टीम की ओर से गोल्डी ने 17 गेंदों पर 26 रन और राज ने 12 गेंदों पर 18 रनों की उपयोगी पारी खेली। खालसा वॉरियर की ओर से रौनक और कप्तान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए एक-एक विकेट झटके।
जवाब में 73 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी खालसा वॉरियर एकादश ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से मात्र 6.4 ओवर में 3 विकेट खोकर 75 रन बनाए और आसानी से जीत हासिल कर ली। रौनक ने मात्र 9 गेंदों पर 34 रन ठोककर मैच का रुख पूरी तरह से अपनी टीम की ओर मोड़ दिया, जबकि अमन ने भी 12 गेंदों पर 19 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। टिनप्लेट सुपर किंग्स की ओर से परम ने 2 ओवर में 22 रन देकर 2 विकेट लिए, लेकिन वे अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके।
टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी और पुरस्कार
पुरस्कार वितरण समारोह में खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया:
प्लेयर ऑफ द फाइनल (मैन ऑफ द मैच): रौनक (34 रन और 1 विकेट)
प्लेयर ऑफ द सीरीज (सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी): रौनक (खालसा वॉरियर)
सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और सिक्सर किंग: करण (टिनप्लेट सुपर किंग्स)
सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज: परम (टिनप्लेट सुपर किंग्स)
स्थानीय प्रतिभाओं को मिलता है मंच: सौरभ तिवारी
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर और झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) के महासचिव सौरभ तिवारी उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि केपीएल जैसे टूर्नामेंट स्थानीय प्रतिभाओं को एक बड़ा मंच प्रदान करते हैं और क्रिकेट के समग्र विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। जमशेदपुर के युवा सिख खिलाड़ियों का जोश और जुनून देखकर उन्होंने काफी प्रसन्नता व्यक्त की। वहीं, विशिष्ट अतिथि साकची गुरुद्वारा के प्रधान सरदार निशान सिंह ने कहा कि इस आयोजन ने सिख युवाओं में खेल भावना और एकता को बढ़ावा दिया है और गुरुद्वारा कमिटी भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर प्रोत्साहित करेगी।
जल्द शुरू होगा फ्लड लाइट क्रिकेट टूर्नामेंट
टूर्नामेंट के तकनीकी निदेशक और कमेंटेटर बलजीत संसोआ ने अपनी गुदगुदाती कमेंट्री से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। उन्होंने इस दौरान एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि वे गंभीरता से प्रयास कर रहे हैं कि जल्द ही जमशेदपुर शहर में फ्लड लाइट क्रिकेट टूर्नामेंट की दोबारा शुरुआत की जाए। मैचों में अंपायरिंग की जिम्मेदारी सन्नी नामता (ताइबू) और लालू प्रसाद यादव ने निभाई, जबकि स्कोरर दीपक यादव रहे। इलेक्ट्रॉनिक स्कोरिंग वरुण कुमार और कुलजीत सिंह ने संभाली।
READ MORE:JAMSHEDPUR NEWS: एक्सएलआरआई में कॉर्पोरेट और वीआईएल कार्यक्रमों का 24वां दीक्षांत समारोह संपन्न, 377 पेशेवरों को मिली उपाधि
इनकी रही मुख्य उपस्थिति
कार्यक्रम को सफल बनाने में नानक सिंह, मनोहर सिंह मिते, त्रिलोचन सिंह तोची, कुलजीत सिंह और गुरमीत सिंह का विशेष योगदान रहा। साकची गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी की ओर से महासचिव परमजीत सिंह काले, सतनाम सिंह घुम्मण, सुरजीत सिंह सीते व अन्य सदस्यों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। मौके पर वरिष्ठ पत्रकार राघवेन्द्र सिंह, युवा नेता सतबीर सिंह सोमू, चंचल भाटिया, सेंट्रल नौजवान सभा के अध्यक्ष अमरीक सिंह, ट्रस्टी रबीन्द्र सिंह, मनमोहन भामरा और जगतार सिंह नागी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।






