
जमशेदपुर।
जुस्को (टाटा स्टील) सेवानिवृत्त मित्र मंडली की एक महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को मोदी पार्क स्थित कॉन्वेंट स्कूल के सामने आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मित्र मंडली के वरिष्ठ सदस्य श्रीकांत देव ने की। बैठक में वर्ष 2025 के दौरान किए गए सामाजिक एवं संगठनात्मक क्रियाकलापों की समीक्षा की गई, वहीं आने वाले नववर्ष 2026 की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक का मुख्य एजेंडा नववर्ष में आयोजित होने वाले वनभोज सह वार्षिक मिलन समारोह को लेकर रहा। सभी सदस्यों ने अपने-अपने सुझाव रखे और कार्यक्रम को यादगार बनाने पर सहमति जताई। लंबी चर्चा के बाद सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि जुस्को सेवानिवृत्त मित्र मंडली का वनभोज सह वार्षिक मिलन कार्यक्रम आगामी 21 जनवरी 2026 को आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के आयोजन स्थल, व्यवस्थाओं और सहभागिता को लेकर आगामी बैठक में विस्तृत रूपरेखा तय करने पर भी सहमति बनी।
बैठक में यह भी कहा गया कि इस तरह के आयोजन से सेवानिवृत्त कर्मचारियों के बीच आपसी मेल-जोल, सौहार्द और भावनात्मक जुड़ाव मजबूत होता है। साथ ही यह मंच पुराने साथियों को फिर से एक-दूसरे से जुड़ने का अवसर प्रदान करता है। सदस्यों ने कहा कि मित्र मंडली भविष्य में भी सामाजिक सहभागिता और आपसी सहयोग को बढ़ावा देती रहेगी।
बैठक के अंत में मित्र मंडली के सदस्यों ने हाल ही में दिवंगत हुए समूह के वरिष्ठ सदस्य अखौरी रमन सिन्हा (ए.आर. सिन्हा) के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। सभी उपस्थित सदस्यों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए एक मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने कहा कि अखौरी रमन सिन्हा का योगदान मित्र मंडली के लिए सदैव स्मरणीय रहेगा।
इस बैठक में मुख्य रूप से अवधेश कुमार सिंह, उत्तम कुमार बोस, दिनेश्वर सिंह, राधे कृष्णा पोद्दार, एस.के. शर्मा, नीलमणि चौधरी, श्रीकांत देव, आर.एन. बिउरा, ए.के. मिश्रा और राम अयोध्या सहित कई वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।


