
ANNI AMRITA


जमशेदपुर.
असली पत्रकारिता सरकार से तमगा नहीं खोजती बल्कि वह जनता की वाहवाही लूटती है.’फैक्ट’ पर आधारित न्यूज स्टोरी को न कोई मार सकता है और न पत्रकार को परेशान कर सकता है.इसलिए,सत्य के साथ,सबूत के साथ पत्रकारिता निर्भीकता से करें.उपरोक्त बातें बीबीसी इंडिया के सीनियर पत्रकार सह बीबीसी ट्रेनिंग व कल्चर के हेड इकबाल अहमद ने भावी पत्रकारों को संबोधित करते हुए कही.वे बीबीसी इंडिया ट्रेनी स्कीम के संबंध में आयोजित एक सत्र को संबोधित करने जमशेदपुर के करीम सिटी काॅलेज पहुंचे थे जहां वे मास कम्युनिकेशन के छात्र-छात्राओं से रुबरु हुए.उनके साथ बीबीसी की पत्रकार प्रेरणा भी शामिल हुईं.प्रेरणा ने अपने संबोधन में छात्र-छात्राओं को नसीहत दी कि वे भावनात्मक स्टोरी के कवरेज में इमोशनल इंटेलिजेंस का प्रयोग करें.उन्होंने कहा -“कवरेज और उसके लेखन में निष्पक्षता बेहद जरूरी है.हालांकि इसका अर्थ यह नहीं है कि संवेदना ही गायब हो जाए.मानवीय संवेदनाएं कायम रखते हुए निष्पक्षता के साथ न्यूज स्टोरी लिखना चुनौतीपूर्ण होता है,लेकिन वक्त के साथ एक रिपोर्टर इसका अभ्यस्त होने लगता है”.
READ MORE : Jharkhand News :सितंबर तक पूरी होगी बालू घाटों की नीलामी, मुख्य सचिव ने उपायुक्तों को दिए कड़े निर्देश
इकबाल और प्रेरणा ने बीबीसी कलेक्टिव न्यूज रुम की पूरी जानकारी साझा करते हुए भावी पत्रकारों को विस्तार से बताया कि कैसे रिपोर्ट बनाकर उसे टेलीकास्ट और प्रकाशित किया जाता है.सत्र के दौरान छात्र-छात्राओं को बताया गया कि बीबीसी इंडिया में एक महीने की इंटर्नशिप और छह महीने की ट्रेनीशिप होती है.ट्रेनीशिप करनेवाले ट्रेनियों में से कइयों को बीबीसी में स्थाई रुप से नियुक्त कर लिया जाता है.बीबीसी की टीम ने छात्र-छात्राओं को ट्रेनीशिप या जाॅब के लिए अप्लाई करने की सलाह दी.टीम ने बताया कि linkedin पर जाकर वे सर्च कर सकते हैं.
READ MORE : Bollywood News :मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 को लगातार तीसरी बार जज करने वाली पहली अभिनेत्री बनी उर्वशी रौतेला
सत्र की शुरुआत से पहले दोनों अतिथियों इकबाल अहमद और प्रेरणा का मंच पर स्वागत किया गया.करीम सिटी कॉलेज के मास कम्युनिकेशन विभाग की एचओडी डाॅ नेहा तिवारी ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए भावी पत्रकारों से कहा कि वे इस सत्र का पूरा लाभ उठाएं और पत्रकारिता के गुर सीखें.बीबीसी की टीम ने ऑडिटोरियम में आयोजित इस सत्र में कुंभ की भगदड़ और कांवर यात्रा से संबंधित खोजी पत्रकारिता वाली अपनी खास रिपोर्टों के कुछ अंश दिखाए.सत्र में छात्र-छात्राओं ने न्यूज और न्यूज कवरेज से संबंधित कई प्रश्न पूछे जिनका इकबाल अहमद और प्रेरणा ने पूरे धैर्य के साथ जवाब दिया और छात्र-छात्राओं की शंकाओं का समाधान किया.
आज के कार्यक्रम में करीम सिटी काॅलेज के प्राचार्य डाॅ मोहम्मद रेयाज खास तौर पर उपस्थित हुए.वहीं छात्र-छात्राओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह सत्र उनकी आंखें खोलने वाला था.नई-नई जानकारियों के साथ ही चुनौतियों से निपटने के गुर भी सीखने को मिले.



