
जमशेदपुर। कार्यस्थलों पर महिलाओं के साथ होने वाली हिंसा, यौन उत्पीड़न और भेदभाव के खिलाफ इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) ने 16 दिवसीय जागरूकता अभियान की शुरुआत की है। अंतर्राष्ट्रीय महिला हिंसा उन्मूलन दिवस के अवसर पर शुरू किए गए इस अभियान के तहत इंटक ने केंद्र सरकार, नियोक्ताओं और समाज से महिलाओं के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और भेदभावमुक्त कार्यस्थल सुनिश्चित करने की मांग की।



इंटक ने कहा कि कार्यस्थलों पर महिलाओं के साथ हिंसा और उत्पीड़न केवल व्यक्तिगत समस्या नहीं, बल्कि श्रमिक अधिकारों और सामाजिक न्याय से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। देश में लाखों महिला श्रमिक घरेलू कामगार, आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ता, निर्माण मजदूर, स्ट्रीट वेंडर, खेत मजदूर, बीड़ी श्रमिक, सफाईकर्मी और घरेलू उद्योगों में काम करने वाली महिलाओं के रूप में प्रतिदिन दुर्व्यवहार, वेतन चोरी, भेदभाव और असुरक्षा का सामना कर रही हैं। इनमें से बड़ी संख्या में महिलाओं के पास शिकायत दर्ज कराने और न्याय पाने की प्रभावी व्यवस्था भी नहीं है।
आईएलओ कन्वेंशन-190 लागू करने की मांग
इंटक ने कार्यस्थलों पर हिंसा एवं उत्पीड़न की रोकथाम से संबंधित आईएलओ कन्वेंशन-190 को लागू करने की मांग की। इसके साथ ही कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न (रोकथाम, निषेध और निवारण) अधिनियम, 2013 यानी पॉश अधिनियम को सभी कार्यस्थलों और असंगठित क्षेत्रों में प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया।
संगठन ने प्रत्येक प्रतिष्ठान में आंतरिक शिकायत समिति गठित करने, असंगठित क्षेत्र की महिला श्रमिकों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक जिले में ट्रेड यूनियन प्रतिनिधित्व वाली स्थानीय समितियां बनाने तथा सुरक्षित परिवहन और कार्य समय सुनिश्चित करने की मांग की। इंटक ने यह भी कहा कि शिकायत करने वाली महिलाओं को किसी भी तरह से प्रताड़ित या दंडित नहीं किया जाना चाहिए।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: बिहार एसोसिएशन के शताब्दी समारोह में पहुंचे ‘पंचायत’ के विनोद, अशोक पाठक ने साझा किया संघर्ष और गांव से जुड़ाव का सफर
आईएलओ और जापान के सहयोग से जेंडर प्रशिक्षण
इस अवसर पर बताया गया कि इंटक झारखंड की ओर से अंतर्राष्ट्रीय श्रम संगठन (आईएलओ) और जापान के सहयोग से सुरक्षित एवं लैंगिक अनुकूल कार्यस्थल बनाने के उद्देश्य से जेंडर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इसमें कार्यस्थल पर भेदभाव, हिंसा और उत्पीड़न की रोकथाम, अंतर्राष्ट्रीय श्रम मानकों, केयर वर्क तथा संबंधित राष्ट्रीय कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. साहिर पॉल उपस्थित रहे। मौके पर इंटक के राष्ट्रीय सचिव एवं झारखंड प्रदेश अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय, महिला अध्यक्ष देविका सिंह, राष्ट्रीय सचिव एवं जेंडर कोऑर्डिनेटर शाहनाज रफीक, राष्ट्रीय सचिव शिखा चौधरी और मीरा तिवारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
इंटक ने सभी नियोक्ताओं से कार्यस्थलों पर जीरो टॉलरेंस नीति लागू करने और इसकी जवाबदेही सुनिश्चित करने की अपील की। संगठन ने स्पष्ट कहा कि महिलाओं के लिए सुरक्षित कार्यस्थल कोई एहसान नहीं, बल्कि उनका अधिकार है। जब तक प्रत्येक कार्यस्थल हिंसा और उत्पीड़न से मुक्त नहीं हो जाता, तब तक ट्रेड यूनियन इस मुद्दे पर अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।



