
आदित्यपुर। भारत के 77वें संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को आदित्यपुर अधिवक्ता संघ की ओर से आदित्यपुर-2 स्थित अधिवक्ता चौक पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संघ के अध्यक्ष अधिवक्ता दीपेंद्र नाथ ओझा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में अधिवक्ताओं एवं समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।



कार्यक्रम के दौरान भारत के संविधान की पुस्तक पर पुष्प अर्पित कर संविधान के प्रति सम्मान प्रकट किया गया। इस अवसर पर संघ के मुख्य संरक्षक अधिवक्ता ओम प्रकाश ने उपस्थित लोगों को संविधान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने, देश की अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने और राष्ट्र के विकास में हरसंभव योगदान देने का संकल्प दिलाया।
संघ की संरक्षिका रंजनी मिश्रा ने कहा कि देश की आजादी की लड़ाई में अधिवक्ताओं के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। अधिवक्ताओं ने स्वतंत्रता आंदोलन के साथ-साथ देश में संवैधानिक व्यवस्था स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
कार्यक्रम में अधिवक्ता मनोज कुमार ने स्वागत भाषण दिया। इस दौरान संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों पर भी चर्चा की गई।
मौके पर जगन्नाथ आचार्य, प्रणव चटर्जी, पीयूष खंडेवाला, संघ के महासचिव रविशंकर पासवान, अधिवक्ता धैर्य नाथ झा, समाजसेवी राजू कराई, सिपाही सिंह यादव, अमित ठाकुर, राजेश कुमार, सद्दाम, मनीष और दीपक भगत सहित कई लोग उपस्थित थे।



