
जमशेदपुर: झारखंड के चार जिलों गोड्डा, बोकारो, चतरा और लातेहार में चक्रवात ‘अकवान’ के प्रभाव को देखते हुए टाटा एआईजी जनरल इंश्योरेंस ने किसानों से फसल नुकसान की सूचना समय पर दर्ज कराने की अपील की है। कंपनी के अनुसार, जिन किसानों की बीमित फसल को चक्रवात के कारण नुकसान पहुंचा है, उन्हें घटना की तारीख से 72 घंटे के भीतर इसकी जानकारी देनी चाहिए।



कंपनी ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) के परिचालन दिशानिर्देशों के तहत निर्धारित समय-सीमा में फसल क्षति की सूचना दर्ज कराना बीमा दावा प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। समय पर सूचना नहीं देने से किसानों को बीमा क्लेम की प्रक्रिया में परेशानी हो सकती है।
टोल-फ्री नंबर 14447 पर दर्ज कराएं शिकायत
फसल नुकसान की सूचना दर्ज कराने के लिए किसान टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14447 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा क्रॉप इंश्योरेंस ऐप के माध्यम से भी ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध है।
टाटा एआईजी जनरल इंश्योरेंस ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी बीमित फसल को हुए नुकसान की जानकारी बिना देरी किए निर्धारित माध्यमों से दर्ज कराएं, ताकि बीमा दावा प्रक्रिया समय पर शुरू हो सके।
इन चार जिलों के किसानों के लिए अहम सलाह
चक्रवात के प्रभाव से प्रभावित बताए गए गोड्डा, बोकारो, चतरा और लातेहार जिलों के किसानों को विशेष रूप से सतर्क रहने की सलाह दी गई है। फसल को नुकसान होने की स्थिति में घटना की तारीख नोट कर निर्धारित 72 घंटे की अवधि के भीतर सूचना दर्ज कराना जरूरी है।



