
जमशेदपुर (Jamshedpur): राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर के छात्र गतिविधि केंद्र (Student Activity Centre) में 21 जून को “योग संगम” के तहत 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन किया गया। इस मौके पर संस्थान के छात्र-छात्राओं, संकाय सदस्यों, अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस ग्लोबल विजन के तहत आयोजित हुआ, जिसने योग को आज विश्व स्तर पर शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और आध्यात्मिक उन्नति का सबसे सशक्त माध्यम बना दिया है।

‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य’ की थीम पर रहा मुख्य फोकस
इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 की मुख्य थीम “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” (Yoga for One Earth, One Health) रखी गई। कार्यक्रम में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि एक व्यक्ति के अच्छे स्वास्थ्य, समाज की समरसता और पर्यावरण के संतुलन के बीच बेहद गहरा संबंध है। कार्यक्रम की शुरुआत संकाय प्रभारी (खेल) जितेंद्र कुमार के स्वागत भाषण से हुई, जिसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर सत्र का विधिवत शुभारंभ किया।
योग केवल कसरत नहीं, संपूर्ण जीवन पद्धति है: गौतम सूत्रधार
सत्र को संबोधित करते हुए एनआईटी जमशेदपुर के निदेशक गौतम सूत्रधार ने कहा कि योग केवल कुछ शारीरिक कसरतों का नाम नहीं है, बल्कि यह एक ‘समग्र जीवन पद्धति’ है। यह हमारे शरीर को निरोग रखने के साथ-साथ मानसिक एकाग्रता, भावनात्मक स्थिरता और आंतरिक शांति को मजबूत करता है। उन्होंने मौजूद सभी छात्रों और कर्मचारियों से अपील की कि वे एक अनुशासित, तनावमुक्त और सफल जीवन के लिए योग को अपनी रोजमर्रा की दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। इस दौरान सरोज कुमार सारंगी, ए. के. एल. श्रीवास्तव और शशि भूषण प्रसाद समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
योग गुरु मणि भूषण सिंह ने सिखाए प्राणायाम के गुर
कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण ‘सामान्य योग प्रोटोकॉल’ का सामूहिक अभ्यास रहा, जिसका संचालन प्रसिद्ध योग विशेषज्ञ मणि भूषण सिंह (योग जिज्ञासु) ने किया। बिहार स्कूल ऑफ योग (मुंगेर) से संन्यास जीवन शैली का कोर्स कर चुके और रांची विश्वविद्यालय से योग विज्ञान में पोस्ट-ग्रेजुएट मणि भूषण ने उपस्थित लोगों को ताड़ासन, प्राणायाम और ध्यान (Meditation) की गहराइयों का अभ्यास कराया। गौरतलब है कि मणि भूषण इससे पहले सेना, रेलवे, आईआईटी और आईआईएम जैसे देश के शीर्ष संस्थानों में योग की ट्रेनिंग दे चुके हैं।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: डीएवी पब्लिक स्कूल बिस्टुपुर में ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ की थीम पर मना 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
खुशहाल और सतत भविष्य का लिया गया संकल्प
विशेषज्ञ के मार्गदर्शन में मौजूद सैकड़ों लोगों ने तनाव से मुक्ति और मानसिक शांति के लिए ध्यान लगाया। योगाभ्यास के बाद प्रतिभागियों ने एनआईटी प्रशासन की इस स्वास्थ्य पहल की जमकर सराहना की। सत्र के अंत में सभी ने ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य’ के मंत्र को अपने जीवन में उतारने और एक खुशहाल व टिकाऊ भविष्य के निर्माण में अपना योगदान देने का सामूहिक संकल्प लिया।


