आदित्यपुर: आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड संख्या-22 स्थित एस-टाइप दुर्गा पूजा मैदान के सौंदर्यीकरण को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। मंगलवार को वार्ड सभा में पारित 10 प्रस्तावों के विरोध में श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमेटी (सिंहभूम ब्वॉयज क्रिकेट क्लब) और स्थानीय निवासियों के सामने आने के बाद अब वार्ड पार्षद अंजू सिंह और पार्षद प्रतिनिधि संजीव सिंह ‘बबुआ’ ने अपना पक्ष रखा है।
बुधवार को आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता में दोनों ने स्पष्ट किया कि वार्ड सभा में जनता की सहमति से पारित मैदान के सौंदर्यीकरण की योजना हर हाल में पूरी की जाएगी। उन्होंने विरोध करने वालों के आरोपों को खारिज करते हुए इसे विकास कार्यों में बाधा डालने की कोशिश बताया।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS: एस-टाइप दुर्गा पूजा मैदान में निर्माण पर विवाद, बाउंड्री वॉल और पक्के निर्माण के खिलाफ उतरे सैकड़ों लोग
एमएस मॉल संचालक पर अतिक्रमण का आरोप
प्रेस वार्ता में पार्षद प्रतिनिधि संजीव सिंह ने विरोध के पीछे निजी स्वार्थ होने का आरोप लगाया। उन्होंने एमएस मॉल के संचालक मनोज सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 6-7 वर्षों से मैदान की जमीन पर कथित रूप से अतिक्रमण कर लोहा-लक्कड़ रखा जा रहा था। मैदान के पीछे बड़ा गेट खोलकर वहां सैकड़ों गाड़ियां खड़ी की जाती थीं।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस वजह से कॉलोनीवासियों को शादी-विवाह जैसे सामाजिक आयोजनों के लिए भी मैदान का पर्याप्त स्थान नहीं मिल पाता था। संजीव सिंह के अनुसार, हाल में कथित अतिक्रमण हटाए जाने और गेट बंद होने के बाद कुछ लोग नाराज हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दोबारा मैदान पर कब्जा करने और बालू बेचने की मंशा से आम लोगों को गुमराह किया जा रहा है।
10 फीट बाउंड्री वॉल नहीं, डेढ़ फीट का बनेगा गार्डवाल
मैदान में 10 फीट ऊंची चहारदीवारी बनाए जाने के आरोपों को खारिज करते हुए संजीव सिंह ने कहा कि मैदान पूरी तरह खुला रहेगा। उन्होंने निर्माण की योजना स्पष्ट करते हुए बताया कि घास और मैदान की सुरक्षा के लिए चारों ओर करीब डेढ़ फीट ऊंचा गार्डवाल बनाया जाएगा, जबकि पीछे की ओर 6 फीट ऊंची बाउंड्री का निर्माण होगा।
इसके अलावा मैदान में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए बोरिंग भी कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि सौंदर्यीकरण के बाद भी मैदान में पहले की तरह दुर्गा पूजा, छठ पूजा, शादी-विवाह और खेलकूद जैसी गतिविधियां निर्बाध रूप से जारी रहेंगी।
पार्षद बोलीं- बहुमत से पारित हुए हैं प्रस्ताव
वहीं, वार्ड पार्षद अंजू सिंह ने वार्ड सभा की बैठक स्थगित करने की मांग किए जाने और बैठक की प्रक्रिया पर उठाए गए सवालों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि वार्ड सभा की तिथि निर्धारित करने का अधिकार पार्षद के पास है। पूर्व सूचना के आधार पर आयोजित बैठक में बहुमत से प्रस्ताव पारित किए गए हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मैदान का सौंदर्यीकरण जनहित का कार्य है और इसे लेकर पारित प्रस्तावों से पीछे हटने का कोई सवाल नहीं है।
READ MORE:ADITYAPUR NEWS: वार्ड-22 के दुर्गा पूजा मैदान का होगा कायाकल्प, 10 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित; आम लोगों के लिए प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क
मैदान के भविष्य को लेकर आमने-सामने दो पक्ष
गौरतलब है कि एस-टाइप दुर्गा पूजा मैदान के सौंदर्यीकरण को लेकर स्थानीय दुर्गा पूजा कमेटी और कॉलोनीवासियों के एक वर्ग ने पहले ही विरोध जताया है। उनका कहना है कि मैदान का खुलापन और मूल स्वरूप बरकरार रहना चाहिए। वहीं, पार्षद और उनके प्रतिनिधि का दावा है कि प्रस्तावित योजना में मैदान को खुला रखते हुए उसका विकास किया जाएगा।
अब इस विवाद में दोनों पक्षों के अपने-अपने दावों के बीच नगर निगम प्रशासन की भूमिका और प्रस्तावित निर्माण की वास्तविक रूपरेखा महत्वपूर्ण होगी।


