
जमशेदपुर।
जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के समग्र और दीर्घकालिक विकास की दिशा में बुधवार को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई। भुइयांडीह के लाल भट्टा स्थित बारा घाट स्वर्णरेखा नदी तट पर भुइयांडीह लिट्टी चौक से भिलाई पहाड़ी (एनएच-33) तक फोर लेन सड़क एवं स्वर्णरेखा नदी पर फोर लेन पुल निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू विशेष रूप से उपस्थित रहीं और उन्होंने विधिवत पूजन-अर्चना कर निर्माण कार्य की शुरुआत की।

₹39.91 करोड़ की महत्वाकांक्षी योजना
पथ निर्माण विभाग द्वारा स्वीकृत यह योजना ₹39,91,72,857.53 की लागत से 2024-25 के 11 SBD के अंतर्गत क्रियान्वित की जा रही है। परियोजना के तहत 242 मीटर लंबे फोर लेन पुल का निर्माण किया जाएगा, जबकि पुल के दोनों ओर 3.453 किलोमीटर लंबा पहुँच पथ बनेगा। इस प्रकार योजना की कुल लंबाई 3.695 किलोमीटर होगी। विभाग ने इस परियोजना को 18 महीनों में पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
READ MORE :Jamshedpur News:पथ निर्माण विभाग के अभियंता पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाएं, यह निहायत ही गलतःसरयू राय
किसी घर को नहीं होगा नुकसान
निर्माण कार्य के शुभारंभ के दौरान विभागीय अभियंताओं ने स्पष्ट किया कि इस योजना के क्रियान्वयन में किसी भी घर को क्षति नहीं पहुंचेगी। विधायक पूर्णिमा साहू ने भी स्थानीय नागरिकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि किसी को भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है और निर्माण कार्य पूरी तरह नियमानुसार एवं संवेदनशीलता के साथ किया जाएगा।
“यह पुल जमशेदपुर के भविष्य की मजबूत नींव” – पूर्णिमा साहू
विधायक पूर्णिमा साहू ने योजना के शुभारंभ पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना जमशेदपुर के भविष्य की मजबूत नींव साबित होगी। उन्होंने कहा कि यह योजना तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। उनके कार्यकाल में आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र से भारी वाहनों के आवागमन को सुव्यवस्थित करने के लिए डोबो पुल और गोविंदपुर–धानचटाई मार्ग को नेशनल हाईवे से जोड़ा गया था। लिट्टी चौक से भिलाई पहाड़ी तक भारी वाहनों के लिए पुल निर्माण का प्रस्ताव भी उसी सोच का हिस्सा था।
यातायात व्यवस्था होगी सुदृढ़
विधायक ने कहा कि फोर लेन पुल और सड़क के निर्माण से शहर के भीतर भारी वाहनों का दबाव कम होगा, यातायात व्यवस्था सुचारू होगी और आम नागरिकों की आवाजाही में समय की बचत होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि परियोजना निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण होगी और इसके पूरा होने से जमशेदपुर की जनता को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।
विधानसभा से सचिवालय तक सतत प्रयास
ज्ञात हो कि विधायक पूर्णिमा साहू ने इस योजना को लेकर विधानसभा सत्र में जोरदार ढंग से आवाज उठाई थी। इसके साथ ही वे झारखंड सरकार के पथ निर्माण विभाग के सचिव से लगातार संपर्क में रहीं और योजना की प्रगति पर स्वयं निगरानी रखती रहीं।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, कल्याणी शरण, पवन अग्रवाल, अप्पा राव, रंजीत सिंह, पप्पू उपाध्याय, कुमार अभिषेक, विकास शर्मा, रितेश झा, युवराज सिंह, बापन बनर्जी, सुशांत पांडा, संतोष ठाकुर, सुरेश शर्मा, मिथिलेश साव, धनराज गुप्ता, लोहा यादव, उमेश साव, कंचन दत्ता, रमेश नाग, रमेश विश्वकर्मा, बोलटू सरकार, महावीर सिंह सहित पथ निर्माण विभाग के अभियंता एवं संवेदक के कर्मचारी उपस्थित रहे।



