
जमशेदपुर।
समाहरणालय सभागार में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में दक्षिण पूर्व रेलवे एवं पथ निर्माण विभाग से संबंधित विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य लंबित कार्यों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा कर उन्हें समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देना रहा।
भूमि अर्जन व ग्राम सभा की स्थिति पर चर्चा
बैठक के दौरान दक्षिण पूर्व रेलवे की परियोजनाओं के अंतर्गत कुल 49 मौजा में भूमि अर्जन की स्थिति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि इनमें से 47 मौजा में ग्राम सभा का आयोजन पूर्ण हो चुका है, जबकि 02 मौजा में ग्राम सभा अब भी लंबित है। इस पर उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को ग्रामीणों से समन्वय स्थापित कर शीघ्र ग्राम सभा आयोजित कराने का निर्देश दिया।
प्रकाशन एवं सत्यापन कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश
उपायुक्त ने भूमि सत्यापन प्रतिवेदन, राजपत्र प्रकाशन एवं समाचार पत्रों में प्रकाशन से जुड़ी प्रक्रियाओं की भी विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी प्रक्रियाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किया जाए, ताकि रेलवे परियोजनाओं में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो।
पथ निर्माण विभाग की 10 प्रमुख परियोजनाओं की समीक्षा
बैठक में पथ निर्माण विभाग की 10 प्रमुख सड़क परियोजनाओं की भी प्रगति की समीक्षा की गई। इनमें पिछली से कुदादा पथ, भागबन्दी से ओड़िशा पथ, बेगनाडीह से पोटका पथ, भुइयासिनान से सुसनी पथ, फुलडूंगरी से झाटीझरना पथ, कीताडीह से बागबेड़ा रिंग रोड, पिपला मोड़ (एनएच-33) से घोड़ाबन्दा होते हुए गोविंदपुर अन्ना चौक तक पथ, गुड़ा–जियान–धालभूमगढ़ पथ, भादोडीह–सतनाला–बोड़ाम–माधवपुर पथ, कोवाली–डुमरिया पथ एवं मुसाबनी–डुमरिया–अस्तकोवाली–कोयम पथ शामिल हैं।
उच्च स्तरीय सेतु एवं नई सड़क परियोजनाएं भी शामिल
इसके अतिरिक्त विभिन्न नालों पर प्रस्तावित उच्च स्तरीय सेतु निर्माण तथा पिताजुड़ी से गुड़ाबांदा पथ, बाँसदा से पथरा पथ, कोवाली से लायलमघाटी तक पथ एवं कोवाली से चौरंगी मोड़ तक पथ परियोजनाओं को लेकर सर्वे, सत्यापन प्रतिवेदन एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं की समीक्षा की गई।
समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर
उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, सर्वे एवं सत्यापन प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने और विकास कार्यों को गति देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि रेलवे और सड़क परियोजनाएं क्षेत्र के समग्र विकास एवं आवागमन को सुदृढ़ करने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, इसलिए सभी कार्य पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरे किए जाएं।


