
जमशेदपुर। जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के वाणिज्य विभाग द्वारा बिष्टुपुर कैंपस में मंगलवार, 16 दिसंबर 2025 को करियर अवेयरनेस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को विभिन्न करियर विकल्पों की जानकारी देना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर डॉ. अंजिला गुप्ता के दिशा-निर्देश में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इसके बाद वाणिज्य अधिष्ठाता डॉ. दीपा शरण ने स्वागत भाषण दिया और मुख्य वक्ताओं का परिचय कराते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। कार्यक्रम में कंपनी सेक्रेटरी जमशेदपुर चैप्टर के प्रतिनिधि सीएस सुरोजित भूमिज तथा एक्सएलआरआई के पूर्व प्रोफेसर डॉ. प्रबल सेन मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में सीएस सुरोजित भूमिज ने छात्राओं को कंपनी सेक्रेटरी के क्षेत्र में करियर की संभावनाओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि कंपनी सेक्रेटरी कॉर्पोरेट जगत में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और इस क्षेत्र में रोजगार की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस कोर्स के लिए कोई आयु सीमा नहीं होती, जिससे छात्राएं किसी भी चरण में इस करियर को चुन सकती हैं। उन्होंने कंपनी सेक्रेटरी के कार्य, जिम्मेदारियों और करियर ग्रोथ के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
दूसरे सत्र में एक्सएलआरआई के पूर्व प्रोफेसर डॉ. प्रबल सेन ने छात्राओं को उद्यमिता (Entrepreneurship) के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारत जैसे विकासशील देश में उद्यमिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने भारत की आर्थिक स्थिति पर चर्चा करते हुए बताया कि देश की जीडीपी में निरंतर वृद्धि हो रही है, लेकिन प्रति व्यक्ति आय अब भी संतोषजनक स्तर तक नहीं पहुंची है। ऐसे में महिला उद्यमिता को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है।
READ MORE :Jamshedpur News : शुरू हुआ SIR, तीन विधानसभा क्षेत्रों के मतदाताओं से BLO को जानकारी देने की अपील
डॉ. सेन ने महिला उद्यमिता से जुड़ी चुनौतियों, अवसरों और सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी, जिससे छात्राएं स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ सकें। कार्यक्रम के दौरान डॉ. छगनलाल अग्रवाल ने विषय-वस्तु से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. ग्लोरिया पूर्ति एवं जयंती प्रधान द्वारा किया गया। इस अवसर पर वाणिज्य विभाग की शिक्षिकाएं भावना कुमारी, अंशु वर्मा सहित बड़ी संख्या में वाणिज्य विभाग की छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम ने छात्राओं को करियर के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित किया।



