
जमशेदपुर |
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के 29 दिसम्बर 2025 को जमशेदपुर आगमन के मद्देनज़र जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम को लेकर जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री पीयूष पांडेय ने करनडीह स्थित जाहेर स्थल, एयरपोर्ट परिसर तथा प्रस्तावित रूट लाइन का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि माननीय राष्ट्रपति के प्रोटोकॉल के अनुरूप सभी तैयारियाँ समयबद्ध, समन्वित एवं त्रुटिरहित रूप से पूर्ण की जाएं। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए बैरिकेडिंग, रूट लाइन क्लियरेंस, पार्किंग व्यवस्था एवं यातायात नियंत्रण को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
एयरपोर्ट व रूट लाइन पर विशेष फोकस
एयरपोर्ट परिसर में राष्ट्रपति सचिवालय एवं सुरक्षा एजेंसियों के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आगमन एवं प्रस्थान से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं रूट लाइन निरीक्षण के दौरान सड़क की स्थिति, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, संकेतक, आपात सेवाएं एवं निर्बाध आवागमन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
जाहेर स्थल पर व्यवस्थाओं की समीक्षा
करनडीह स्थित जाहेर स्थल पर आगन्तुकों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, शौचालय, चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन एवं आपातकालीन प्रबंधन को सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर किसी भी प्रकार की कमी स्वीकार्य नहीं होगी।
वरीय पुलिस अधीक्षक श्री पीयूष पांडेय ने कहा कि राष्ट्रपति आगमन को लेकर सुरक्षा के हर पहलू की गहन समीक्षा की जा रही है और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है, ताकि कार्यक्रम गरिमापूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त, सिटी एसपी, अपर उपायुक्त, सिविल सर्जन, डीटीओ, उप नगर आयुक्त (जेएनएसी), जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।



