
जमशेदपुर: जन समस्याओं के त्वरित निपटारे को लेकर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय लगातार एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। आम जनता से मिली शिकायतों के बाद गुरुवार को विधायक सरयू राय ने सोनारी क्षेत्र का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने नगर विकास विभाग और विधायक निधि से चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की जमीनी हकीकत देखी। निरीक्षण के दौरान कई जगहों पर भारी अनियमितता और लापरवाही सामने आई, जिस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।

कुम्हारपड़ा में नगर विकास की सड़क पर भड़के विधायक
सरयू राय अपने दौरे के पहले चरण में सोनारी के कुम्हारपड़ा पहुंचे। वहां उन्होंने नगर विकास विभाग द्वारा हाल ही में निर्मित की गई सड़क का बारीकी से मुआयना किया। स्थानीय लोगों ने शिकायत की थी कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया है। निरीक्षण के दौरान विधायक ने सड़क में कई तकनीकी कमियां और खामियां पाईं। उन्होंने मौके पर ही संबंधित विभाग के अधिकारियों को फोन कर फटकार लगाई और सड़क की सभी कमियों को तत्काल प्रभाव से दूर करने का सख्त निर्देश दिया।
READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS: मोदी सरकार के 12 वर्ष जन-विश्वास, सुशासन और विकास की ऐतिहासिक यात्रा, झारखंड को मिला रिकॉर्ड पैकेज
विधायक फंड से बन रही सड़क का लिया जायजा
कुम्हारपड़ा के बाद सरयू राय पुराना सोनारी इलाके में पहुंचे। यहाँ उनके विधायक फंड (MLAD) से एक सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। जन शिकायत के आधार पर उन्होंने इस निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने ठेकेदार और कार्यपालक एजेंसी को स्पष्ट चेतावनी दी कि जनहित के कार्यों में किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्य पूरी पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा होना चाहिए।
आदर्श नगर में नाली का गड्ढा देख भड़के सरयू राय
दौरे के अंतिम चरण में विधायक सोनारी के आदर्श नगर फोर्थ फेज के सामने पहुंचे। यहाँ नगर विकास विभाग की एक बड़ी लापरवाही सामने आई, जहाँ विभाग ने नाली निर्माण के लिए बड़ा गड्ढा खोदकर उसे महीनों से लावारिस छोड़ दिया है। इससे स्थानीय निवासियों और राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
READ MORE..ADITYAPUR NEWS: 395 करोड़ की जलापूर्ति योजना फेल, भयंकर पेयजल संकट के खिलाफ 13 जून को आदित्यपुर में विशाल महाधरना
इस दृश्य को देखकर सरयू राय बेहद नाराज हुए। उन्होंने संबंधित विभाग के आला अधिकारियों को निर्देशित किया कि जहां भी काम रुका हुआ है, वहां 24 घंटे के भीतर काम दोबारा शुरू कराया जाए। साथ ही, जहां भी काम में गड़बड़ी हुई है, उसे तुरंत सुधारा जाए ताकि जनता को परेशानी न हो।
सूचनाओं के आधार पर जारी रहेगा औचक निरीक्षण
दौरे के बाद मीडिया से बात करते हुए सरयू राय ने साफ कहा कि जनता की समस्याओं को लेकर वह बेहद गंभीर हैं। उन्होंने घोषणा की कि आम जनता से मिलने वाली सूचनाओं और जन शिकायतों के आधार पर वह लगातार क्षेत्रों का औचक निरीक्षण (Surprise Inspection) करते रहेंगे और यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि वे अपनी कार्यशैली में सुधार लाएं, अन्यथा उनके खिलाफ कड़ी कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।


