जमशेदपुर के जुगसलाई क्षेत्र में रविवार को राधा-कृष्ण संग फूलों की होली का भव्य आयोजन किया गया। मानव कल्याण सेवा समिति की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत रामटेकरी मंदिर में राधा-कृष्ण की विधिवत पूजा और आरती के साथ हुई। इसके बाद मंदिर परिसर से फूलों की होली की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।
‘राधे-राधे’ के जयकारों से गूंजा जुगसलाई
शोभायात्रा के दौरान हर ओर राधे-राधे के जयकारे, पुष्पवर्षा और भक्ति संगीत की गूंज सुनाई दे रही थी। श्रद्धालु राधा-कृष्ण के भजनों पर झूमते हुए आगे बढ़ रहे थे। फूलों की होली और धार्मिक झांकियों के कारण जुगसलाई का माहौल कुछ समय के लिए मानो वृंदावन जैसा हो गया।
शोभायात्रा रामटेकरी रोड, मेन रोड, छप्पन भोग, गर्ल्स स्कूल रोड, नया बाजार, मारवाड़ी पाड़ा रोड और चौक बाजार से होकर गुजरी और अंत में पुनः मंदिर परिसर पहुंचकर संपन्न हुई।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS :टेल्को के विजया गार्डन क्लब हाउस में 7 मार्च को स्वास्थ्य जांच व रक्तदान शिविर
मार्ग में श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था
शोभायात्रा के मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए शरबत, फल, चॉकलेट और अल्पाहार की व्यवस्था की गई थी। इससे यात्रा में शामिल लोगों में उत्साह और भी बढ़ गया। कार्यक्रम के अंत में मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए ठंडाई और अल्पाहार का वितरण किया गया।
आयोजन की खास बात यह रही कि वृंदावन की परंपरा के अनुरूप सभ्य और संस्कारित तरीके से फूलों की होली खेली गई, जिसमें किसी प्रकार की अश्लीलता नहीं थी।
राजस्थानी नृत्य और झांकियों ने बढ़ाया आकर्षण
कार्यक्रम के दौरान कलाकार धर्मेंद्र केजरीवाल द्वारा प्रस्तुत राजस्थानी शैली के नृत्य और जीवंत झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। इस दौरान श्रद्धालु भक्ति संगीत और रंगों के माहौल में पूरी तरह सराबोर दिखाई दिए।
कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में दिलीप गोयल, रमेश मेंगोतिया, अशोक अग्रवाल, अरुण बाकरेवाल, राजकुमार अग्रवाल और रिंकू सिंह उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अमित रूंगटा, राजीव केडिया, संतोष छापोलिया, राजकुमार सारस्वत, अश्विनी कुमार अग्रवाल, अंकित जवानपुरिया, संजय गर्ग, प्रभात अग्रवाल, निकेश चौधरी, संजय सरायवाला (संजू), अजय सरायवाला, मनोज गोयल, दिलीप काउंटिया, सुशील मित्तल, विवेक पुरिया, अशोक गोयल, देवनंद अग्रवाल, गोपाल अग्रवाल, निर्मल काबरा, बिनोद सरायवाला और दिनेश काजारिया समेत कई लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
भाईचारे और सौहार्द का संदेश
इस आयोजन में बुजुर्गों से लेकर युवाओं, महिलाओं और बच्चों तक हजारों लोगों ने भाग लिया। सभी ने मिलकर प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश दिया।समिति के सदस्यों ने कहा कि आने वाले वर्षों में भी समाज को जोड़ने वाले ऐसे सांस्कृतिक और सकारात्मक कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जाएगा।




