
जमशेदपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर सिविल सर्जन, पूर्वी सिंहभूम डॉ. साहिर पाल के निर्देश पर बर्मामाइंस स्थित हिन्द कुष्ठ अस्पताल में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में अस्पताल के 38 कुष्ठ मरीजों समेत कुल 45 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई। जांच के बाद मरीजों को आवश्यक दवाएं और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया गया।
शिविर में जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो ने 18 महिलाओं और 27 पुरुषों की स्वास्थ्य जांच की। इस दौरान कुष्ठ रोग से मुक्त हो चुके लोगों को सम्मानित भी किया गया। उन्हें शॉल ओढ़ाकर तथा फल की टोकरी देकर सम्मानित किया गया।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: केनरा बैंक लूटकांड में पुलिस ने जारी की 3 वांटेड अपराधियों की नई तस्वीरें, बिहार-बंगाल से जुड़े तार
गांधी जी के चित्र पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के दौरान डॉ. राजीव लोचन महतो और उपस्थित लोगों ने महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर गांधी जी के विचारों और कुष्ठ रोग के प्रति उनके दृष्टिकोण को याद किया गया। उपस्थित लोगों ने कहा कि समाज को गांधी जी के बताए मार्ग पर चलने और जरूरतमंद लोगों के प्रति संवेदनशील रहने की आवश्यकता है।
कुष्ठ रोगियों को सेल्फ केयर के दिए टिप्स
स्वास्थ्य शिविर के दौरान डॉ. राजीव लोचन महतो ने कुष्ठ रोग से प्रभावित और स्वस्थ हो चुके लोगों को नियमित रूप से सेल्फ केयर करने की सलाह दी। उन्होंने सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करने, पूरे हाथ के कपड़े पहनने और बारिश में भीगने से बचने की सलाह दी।
उन्होंने लोगों को गर्म चीजों को सीधे नहीं छूने और गर्म पानी से स्नान करने से बचने की सलाह भी दी। स्वास्थ्य संबंधी किसी परेशानी की स्थिति में चिकित्सकीय परामर्श लेने पर जोर दिया गया।
कुष्ठ आश्रमों में स्वास्थ्य सेवाएं बहाल करने का प्रयास
बताया गया कि पिछले दिनों जिला कुष्ठ कल्याण समिति के महामंत्री मो. जैनुद्दिन ने कुष्ठ आश्रमों में दोबारा स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने को लेकर सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल से अनुरोध किया था। इस पर सिविल सर्जन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए हिन्द कुष्ठ अस्पताल में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन कराया।
इस दौरान उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही जिले के सभी कुष्ठ आश्रमों में स्वास्थ्य सेवाएं फिर से बहाल करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
READ MORE :SERAIKELA KHARSAWAN NEWS:मुख्य सड़कों पर अवैध पार्किंग बर्दाश्त नहीं, ट्रांसपोर्टर का बहाना नहीं चलेगा, डीसी ने कंपनियों को दिया सख्त अल्टीमेटम
गांधी जी के कुष्ठ रोग मुक्त भारत के सपने को लेकर पहल
इस पहल की सराहना करते हुए निमाई मंडल ने कहा कि कुष्ठ रोग से प्रभावित लोगों तक नियमित स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविरों से महात्मा गांधी के कुष्ठ रोग मुक्त भारत के सपने को आगे बढ़ाने में मदद मिल सकती है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, डॉ. राजीव लोचन महतो, दुर्योधन बागती, चंदन पाल और निमाई मंडल के प्रति आभार जताया।


