
जमशेदपुर,। झारखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी की वाणी और उनके विचार युगों-युगों तक मानवता का मार्ग प्रशस्त करते रहेंगे। गुरु नानक देव जी का जीवन प्रेम, सेवा, समानता और भाईचारे का संदेश देता है। आज के समय में मानवता और इंसानियत को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प लेना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।



READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS:पंज प्यारों की अगुवाई में नगर कीर्तन शुरू, शाम 6 बजे साकची गुरुद्वारा पहुंची पालकी
श्री गुरु नानक देव जी महाराज के प्रकाश पर्व के अवसर पर मंगलवार को जमशेदपुर में निकाले गए भव्य नगर कीर्तन में अमरप्रीत सिंह काले शामिल हुए। उन्होंने पंच प्यारों और श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के दर्शन कर श्रद्धापूर्वक शीश नवाया तथा गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने साध-संगत को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।
काले ने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं, जितनी सदियों पहले थीं। उनका संदेश ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ मनुष्य को परमात्मा का स्मरण करने, ईमानदारी से मेहनत करने और अपनी कमाई जरूरतमंदों के साथ साझा करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने जाति-पाति, ऊंच-नीच और सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर प्रेम, सद्भाव, समानता और मानव सेवा का मार्ग दिखाया। उनके विचार समाज में एकता, आपसी सम्मान और भाईचारे की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देते रहेंगे।
काले ने कहा कि जमशेदपुर सामाजिक सौहार्द, धार्मिक सद्भाव और आपसी भाईचारे की मिसाल रहा है। ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन हमारी समृद्ध विरासत को मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी को सेवा, समर्पण और मानवता के मूल्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
READ MORE:JAMSHEDPUR NEWS :उत्कल एसोसिएशन साकची का 93वां स्थापना दिवस 24 नवंबर को
उन्होंने वाहेगुरु जी के चरणों में अरदास करते हुए समस्त मानव समाज के सुख, शांति, समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना की। साथ ही नगर कीर्तन को सफल बनाने में योगदान देने वाली सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, स्त्री सत्संग सभा, सिख नौजवान सभा, अकाली दल, विभिन्न गुरुद्वारा प्रबंधक समितियों, सेवा संस्थाओं, सफाई में जुटे स्वयंसेवकों, जिला प्रशासन, पुलिस और मीडिया के प्रति आभार जताया।
काले ने कहा कि आयोजन की सफलता में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से योगदान देने वाले सभी लोगों का सहयोग सराहनीय है।




