
जमशेदपुर: सोनारी गुरुद्वारा साहिब से सुबह करीब 11:30 बजे अरदास के बाद भव्य नगर कीर्तन की शुरुआत हुई। जत्थेदार जरनैल सिंह ने अरदास की। इसके उपरांत पंच प्यारों की अगुवाई में नगर कीर्तन आगे बढ़ा। नगर कीर्तन में बड़ी संख्या में सिख संगत और श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।



नगर कीर्तन के शुभारंभ अवसर पर सोनारी गुरुद्वारा साहिब में जिले के उपायुक्त राजीव रंजन सिंह, एसडीओ अर्णव मिश्रा, पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, पश्चिम के विधायक सरयू राय, सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व विधायक कुणाल सारंगी, सुमन महतो और मोहन कर्मकार को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
इस दौरान सभी अतिथियों ने पालकी साहिब के समक्ष अरदास में भाग लिया। उन्होंने रुमाला साहिब एवं प्रसाद की सेवा भेंट की। साथ ही पालकी साहिब के आगे पुष्प वर्षा कर श्रद्धा और सम्मान प्रकट किया।
नगर कीर्तन के सफल एवं व्यवस्थित संचालन में सेंट्रल सिख नौजवान सभा के प्रधान सरदार अमरीक सिंह के नेतृत्व में सभा के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सरदार इंदरजीत सिंह, रंजीत सिंह, दमनप्रीत सिंह, सुखवंत सिंह, हर्षदीप सिंह और मनिंदर सिंह सहित अन्य सदस्य नगर कीर्तन की कंट्रोलिंग और ट्रैफिक व्यवस्था संभालने में सक्रिय रहे।
श्रद्धा, सेवा और भक्ति के माहौल में निकला नगर कीर्तन विभिन्न मार्गों से होते हुए शाम करीब 6 बजे पालकी साहिब के साकची गुरुद्वारा पहुंचने के साथ संपन्न हुआ।



