
जमशेदपुर: लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ में बिनोद का किरदार निभाकर देशभर में पहचान बनाने वाले अभिनेता अशोक पाठक बुधवार को जमशेदपुर पहुंचेंगे। बिहार एसोसिएशन के 100वें स्थापना वर्ष पर आयोजित शताब्दी समारोह में वह शहरवासियों से रूबरू होंगे। राजेंद्र विद्यालय ऑडिटोरियम में शाम पांच बजे से आयोजित कार्यक्रम में अशोक पाठक अभिनय के अनुभव और बारीकियों को साझा करेंगे। साथ ही अपने चिर-परिचित अंदाज में दर्शकों को हंसाएंगे।



बिहार एसोसिएशन की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 22 नवंबर से 3 दिसंबर तक शताब्दी समारोह आयोजित किया जा रहा है। शिक्षा और संस्कृति के क्षेत्र में संस्था के एक शताब्दी के योगदान को समर्पित इस आयोजन की थीम ‘अ सेंचुरी ऑफ सर्विस एंड एजुकेशन- बिल्डिंग अ लेगेसी, शेपिंग द फ्यूचर’ रखी गई है।
बुधवार के कार्यक्रम में आरएसबी ग्रुप के वाइस चेयरमैन एसके बेहरा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आयोजकों की ओर से नि:शुल्क प्रवेश पास वितरित किए गए हैं।
शिक्षा, युवा नेतृत्व और औद्योगिक विकास पर होंगे सत्र
शताब्दी समारोह के दौरान शहर के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थी भी हिस्सा ले रहे हैं। दिन के सत्रों में शिक्षा, युवा नेतृत्व, औद्योगिक विकास, राष्ट्रीय शिक्षा नीति, मीडिया और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर चर्चा हो रही है। शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: बाबा रामदेव बोले- सनातन का कोई ठेकेदार नहीं, पाखंड और आधे-अधूरे ज्ञान से भी खतरा
26 नवंबर को नीलोत्पल मृणाल करेंगे कविता पाठ
समारोह की अगली खास प्रस्तुति 26 नवंबर को होगी। इस दिन प्रसिद्ध कवि, लेखक और चिंतक नीलोत्पल मृणाल अपनी कविताओं के माध्यम से युवाओं से संवाद करेंगे। बिहार एसोसिएशन ने शताब्दी समारोह को यादगार बनाने के लिए विशेष तैयारियां की हैं।



