जमशेदपुर: बिरसानगर थाना क्षेत्र के गिट्टी मशीन के पास मंगलवार दोपहर तारकंपनी इंद्रानगर गुरुद्वारा के सेवादार जसबीर सिंह (45) अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने उन्हें होश में लाने की कोशिश की, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। जसबीर सिंह के निधन की सूचना मिलने पर तारकंपनी गुरुद्वारा कमेटी के सदस्य मौके पर पहुंचे। पुलिस की आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद कमेटी ने देर शाम मानगो स्थित स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पर उनका अंतिम संस्कार कराया।
दवा लेकर लौटते समय बिगड़ी तबीयत
स्थानीय लोगों के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे जसबीर सिंह गिट्टी मशीन के पास अचानक बेहोश होकर गिर गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें होश में लाने का प्रयास किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ देर के लिए उन्हें होश आया और उन्होंने वहां मौजूद लोगों का धन्यवाद भी किया, लेकिन इसके बाद वह दोबारा बेहोश हो गए।
इस बीच वहां से गुजर रहे सिख समाज के लोगों ने उनकी पहचान जसबीर सिंह के रूप में की। बताया गया कि वह बिरसानगर स्थित एक डिस्पेंसरी से दवा लेकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई।
गुरुद्वारा में नियमित रूप से करते थे सेवा
तारकंपनी गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान अमरजीत सिंह ने बताया कि जसबीर सिंह अविवाहित थे और उनके निकट परिजन नहीं थे। वह बिरसानगर में किराये के मकान में रहते थे और तारकंपनी इंद्रानगर गुरुद्वारा में नियमित रूप से सेवा करते थे। अपनी सेवा और व्यवहार के कारण उन्हें स्थानीय संगत का स्नेह मिलता था।
घटना की सूचना मिलने पर गुरुद्वारा कमेटी के सदस्य मौके पर पहुंचे। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद कमेटी ने उनके अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी निभाई। उनके निधन की खबर सुनकर दूर-दराज में रहने वाले रिश्तेदार भी अंतिम संस्कार में शामिल हुए।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: चंद्रशेखर मिश्रा को भावभीनी श्रद्धांजलि, भास्कर भवन में लगेगी प्रतिमा; हजारों लोगों ने नम आंखों से किया याद
सिख समाज के कई पदाधिकारी हुए शामिल
अंतिम संस्कार में सीजीपीसी के प्रधान भगवान सिंह, महासचिव अमरजीत सिंह, वरीय उपाध्यक्ष चंचल सिंह सहित पूरी टीम मौजूद रही। इसके अलावा तारकंपनी गुरुद्वारा के ग्रंथी बाबा सुखदेव सिंह खालसा, कमेटी के प्रधान अमरजीत सिंह, महासचिव हरदीप सिंह, गुरदीप सिंह, बलदेव सिंह, गुरविंदर कंग, हरजीत सिंह और रणजीत सिंह शामिल हुए।
नौजवान सभा के प्रधान सतविंदर सिंह, स्त्री सभा की प्रधान सुरेंद्र कौर, बलविंदर कौर, रिंकू कौर, लखविंदर कौर, गुरमीत कौर सहित अन्य सदस्यों ने भी अंतिम विदाई दी।
गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान अमरजीत सिंह ने बताया कि जसबीर सिंह के निधन के बाद अंतिम संस्कार सहित आगे की सभी धार्मिक और सामाजिक रस्मों की जिम्मेदारी गुरुद्वारा कमेटी निभाएगी।

