
जमशेदपुर: राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभाग ने एक बड़ी अकादमिक पहल करते हुए दो राष्ट्रीय फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (एफडीपी) की शुरुआत की है। 25 मई से 5 जून 2026 तक चलने वाले इस 14-दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ ऑनलाइन माध्यम से किया गया।

इन दो अहम विषयों पर हो रहा है मंथन
इस एफडीपी के दो मुख्य विषय “अंडरवॉटर रोबोटिक्स एवं एकॉस्टिक कम्युनिकेशन” और “एफपीजीए आधारित कम्युनिकेशन सिस्टम डिजाइन” रखे गए हैं। इन दोनों कार्यक्रमों को ई-एंड-आईसीटी अकादमी, एनआईटी पटना द्वारा प्रायोजित किया जा रहा है, जिसने प्रत्येक कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए दो-दो लाख रुपये का विशेष अनुदान भी दिया है।
अंडरवॉटर तकनीक और शोध पर दिया गया जोर
उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता एनआईटी जमशेदपुर के निदेशक गौतम सुतरधार ने की। अपने संबोधन में गौतम सुतरधार ने अंडरवॉटर प्रौद्योगिकी में भारत की बढ़ती उपलब्धियों और संस्थान में हो रहे नए शोध कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर श्रीनाथ विश्वविद्यालय के कुलपति एस.एन. सिंह मौजूद रहे, जिन्होंने शोध और नवाचार के लिए ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों को शिक्षकों के लिए बेहद अहम बताया। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में आईआईईएसटी शिबपुर के सुभाषिस भौमिक और बीबीडीआईटीएम लखनऊ के निदेशक प्रतुल अर्विंद ने राष्ट्रीय विकास में अंडरवॉटर व्हीकल्स की वर्तमान और भविष्य की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। प्रतुल अर्विंद ने संस्थान के विकास और नई ऊंचाइयों की भी जमकर सराहना की।
देश भर से 125 से अधिक शिक्षकों की शानदार भागीदारी
इस एफडीपी के संयोजक प्रशांत कुमार, कौशिक दास, जयेंद्र कुमार और मृत्युंजय रावत हैं। इस कार्यक्रम में देश के लगभग सभी राज्यों से 125 से अधिक शिक्षकों ने अपनी सहभागिता दर्ज की है। आगामी दिनों में देश के कई नामी विश्वविद्यालयों, आईआईटी और एनआईटी के विशेषज्ञ यहां व्याख्यान देंगे। कार्यक्रम के अंत में जयेंद्र कुमार ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापन किया।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: मानगो के विकास के लिए टाटा स्टील और नगर निगम में बनी सहमति, जानें क्या-क्या बदलेगा
सतत विकास लक्ष्यों (SDG) को मिलेगा बढ़ावा
“अंडरवॉटर रोबोटिक्स एवं ध्वनिक संचार नेटवर्क” पर आधारित यह कार्यक्रम केवल अकादमिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्य 9 (SDG 9) और लक्ष्य 14 (SDG 14) का भी पुरजोर समर्थन करता है। यह पहल इंडस्ट्री 4.0 (Industry 4.0) की अगली पीढ़ी के अनुसंधान और नवाचारों को एक नई दिशा देने का काम करेगी।


