
मानगो नगर निगम क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और नागरिक सुविधाओं को विश्वस्तरीय बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। मानगो की मेयर सुधा गुप्ता और पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक (MD) टीवी नरेंद्रन और वीपी सीएस डीबी सुंदरा रमम से शिष्टाचार मुलाकात की। इस उच्च स्तरीय बैठक में मानगो के इंफ्रास्ट्रक्चर, सुरक्षा और सौंदर्यीकरण से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर टाटा स्टील ने अपनी सहमति दे दी है।
नगर निगम के सीमित संसाधनों के बीच टाटा स्टील का यह कॉर्पोरेट सहयोग मानगो को एक आधुनिक, सुरक्षित और व्यवस्थित शहरी क्षेत्र बनाने में मील का पत्थर साबित होगा।
सुरक्षित मानगो: चौक-चौराहों पर लगेंगे CCTV कैमरे
मानगो में बढ़ते अपराध और ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए ‘सुरक्षित मानगो अभियान’ चलाया जाएगा। इसके तहत क्षेत्र के सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर आधुनिक सीसीटीवी (CCTV) कैमरे लगाए जाएंगे। साथ ही, अपराधियों पर पैनी नजर रखने के लिए एक हाईटेक मॉनिटरिंग सिस्टम भी स्थापित किया जाएगा।
जलजमाव से मुक्ति: मानगो चौक से डिमना रोड तक बनेगी नाली
बरसात के दिनों में होने वाले जलजमाव की समस्या को खत्म करने के लिए मानगो चौक से डिमना चौक तक मुख्य सड़क के किनारे बड़े नालों का निर्माण किया जाएगा। टाटा स्टील इन नालों की नियमित सफाई व्यवस्था भी सुनिश्चित करेगी, जिससे स्थानीय निवासियों को जलजमाव से हमेशा के लिए मुक्ति मिल सके।
ग्रीन मानगो: पार्कों का सौंदर्यीकरण और ओपन जिम का निर्माण
पर्यावरण संरक्षण और लोगों की सेहत को ध्यान में रखते हुए पृथ्वी पार्क और नेचर पार्क का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। टाटा स्टील के सहयोग से इन दोनों पार्कों में स्थानीय लोगों के लिए ‘ओपन जिम’ का निर्माण होगा। इसके अलावा, एमजीएम अस्पताल के पास स्थित खाली जमीन पर भी एक नया और खूबसूरत पार्क बनाया जाएगा।
जाम से मिलेगी राहत: डिमना चौक के पास बनेगा वेंडर जोन
सड़कों पर लगने वाले ठेले-खोमचे के कारण होने वाले ट्रैफिक जाम को समाप्त करने के लिए डिमना चौक के आगे एक आधुनिक ‘वेंडर जोन’ बनाया जाएगा। इससे गरीब और छोटे दुकानदारों को एक सुव्यवस्थित स्थान मिलेगा, जिससे उनकी कमाई बढ़ेगी और मानगो की ट्रैफिक व्यवस्था भी सुदृढ़ होगी।
इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट: छोटे पुल की मरम्मत और सेंट्रल वर्ज का निर्माण
यातायात को सुगम बनाने के लिए मानगो के छोटे पुल की मरम्मत का जिम्मा टाटा स्टील ने लिया है। इसके साथ ही, एमजीएम चौक से गोकुल नगर और डिमना के तटीय इलाकों में सड़क के बीचों-बीच आकर्षक सेंट्रल वर्ज (Central Verge) बनाकर पूरे क्षेत्र का सौंदर्यीकरण, सड़क और नाली निर्माण किया जाएगा।
महिला रोजगार और कार्यालय की बाधाएं होंगी दूर
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए टाटा स्टील फाउंडेशन (TSF) के सहयोग से रोजगार उन्मुख कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इसके अलावा, क्षेत्र में कांग्रेस कार्यालय के निर्माण में आ रही सभी तकनीकी और अन्य बाधाओं को दूर करने पर भी सहमति बनी है।


