
जमशेदपुर : गर्मी की छुट्टियों को रचनात्मक और ज्ञानवर्धक बनाने के उद्देश्य से रविवार, 10 मई 2026 को ‘राजेंद्र विद्यालय, घुटिया’ में 5 दिवसीय समर कैंप का भव्य शुभारंभ किया गया । विद्यालय परिसर बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी, रंग-बिरंगी गतिविधियों और रचनात्मक ऊर्जा से पूरी तरह गुलजार नजर आया । इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों को छुट्टियों के दौरान कुछ नया और भविष्य के लिए उपयोगी कौशल सिखाना है ।
READ MORE :Chaibasa News: कोल्हान विश्वविद्यालय के भूगोल विभाग के छात्र 6 दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण पर गंगटोक रवाना
आधुनिक तकनीक और पारंपरिक ज्ञान का संगम
समर कैंप के उद्घाटन अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या खुशबू ठाकुर और बी.ए. कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी के प्रिंसिपल डॉ संजय कुमार राय ने संयुक्त रूप से रिबन काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया । इस कैंप की सबसे खास बात यह है कि यहां बच्चों को पारंपरिक खेलों के साथ-साथ भविष्य की तकनीक से भी जोड़ा जा रहा है। कैंप के दौरान विद्यार्थियों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), वैदिक मैथ्स और अबेकस प्रशिक्षण जैसी आधुनिक और बौद्धिक गतिविधियां आयोजित की गई हैं । इसके अलावा डांस, संगीत, ड्रामा, आर्ट एंड क्राफ्ट के जरिए बच्चों की रचनात्मकता को निखारा जा रहा है ।
सर्वांगीण विकास के लिए खेलकूद और अनुशासन
प्रधानाचार्या खुशबू ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ-साथ कला, खेल और व्यक्तित्व विकास की गतिविधियां अत्यंत आवश्यक हैं । यह कैंप न केवल फिटनेस का मंच है बल्कि टीमवर्क, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता जैसे गुणों का भी विकास करता है । कैंप के पहले दिन बच्चों ने फुटबॉल और वॉलीबॉल जैसे खेलों में अपनी टीम भावना का प्रदर्शन किया । शिक्षकों द्वारा बच्चों को सकारात्मक सोच और अनुशासन का संदेश भी दिया गया ।
READ MORE :Chaibasa News: कोल्हान विश्वविद्यालय के भूगोल विभाग के छात्र 6 दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण पर गंगटोक रवाना
अभिभावकों ने की विद्यालय की पहल की सराहना
विद्यालय प्रबंधन समिति के अनुसार, इस प्रकार के आयोजन बच्चों के मानसिक, शारीरिक और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं । उद्घाटन के अवसर पर भारी संख्या में छात्र-छात्राओं के माता-पिता भी उपस्थित रहे । उन्होंने विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों के लिए बेहद उपयोगी और ज्ञानवर्धक बताया । समर कैंप को लेकर विद्यार्थियों में जबरदस्त उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला ।



