
अमावस्या पर शनिदेव मंदिर में उमड़ी भक्तों की भारी भीड़
जमशेदपुर ।
जुगसलाई दुखु मार्केट स्थित रेलवे लाइन किनारे सत्यनारायण मंदिर रोड पर शनिवार को भव्य ‘झारखंड शनि शांति यज्ञ’ (हवन) का आयोजन किया गया। अमावस्या के शुभ अवसर पर दामोदर शनि बाबा के नेतृत्व में यह विशाल धार्मिक कार्यक्रम संपन्न हुआ, जिसमें पूरे शहर और आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। सुबह 8 बजे से ही नवग्रह पूजा और हवन का पवित्र कार्य शुरू हो गया था, जो शाम 6:30 बजे तक अनवरत चलता रहा। पूरे दिन मंदिर परिसर शनि महाराज के जयकारों और वैदिक मंत्रोच्चार से गूंजता रहा।
हवन के बाद 4 हजार से अधिक लोगों ने छका प्रसाद
शाम 4 बजे से 6:30 बजे तक शहर के विशेष नागरिकों और अतिथियों ने हवन-पूजन में भाग लेकर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। वहीं दोपहर 11 बजे से ही विशाल भंडारे का शुभारंभ कर दिया गया था, जो शाम 5 बजे तक चला। इस महाभंडारे में चार हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर श्रद्धा भाव से महाप्रसाद ग्रहण किया। पूजा-अर्चना का यह संपूर्ण अनुष्ठान मुख्य पुरोहित अशोक शर्मा के नेतृत्व में 11 विद्वान पंडितों द्वारा पूरे विधि-विधान से संपन्न कराया गया। दर्शन करने पहुंचे सभी भक्तों की कलाई पर रक्षा सूत्र भी बांधा गया।
भजन संध्या में झूमे श्रद्धालु, अतिथियों ने लिया आशीर्वाद
शाम ढलते ही गणेश वंदना के साथ एक शानदार सांस्कृतिक भजन संध्या का आगाज हुआ, जो देर रात 11 बजे तक चली। मनोज पारिक एंड टीम ने ‘शनि जयंती आई…’, ‘मैं हूं तेरा नौकर हाजरी रोज बजाता हूं…’ और ‘बजरंग बली ने झूमकर डंका बजा दिया…’ जैसे सुमधुर भजनों की दमदार प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। इस अवसर पर पूर्व विधायक मेनका सरदार, समाजसेवी काजल दास, अरविंद मिश्रा बब्बू, सत्यनारायण मुन्ना अग्रवाल, नंदकिशोर ठाकुर, विष्णु सोनकर और साहेल सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में महंत दामोदर बाबा, अशोक शर्मा, सोनी शर्मा, आयुषी, धर्मेन्द्र, शैलेश कुमार मुन्ना, ललन चौधरी, जसवीर सिंह, संतोष सिन्हा और अजय कुमार पाण्डेय का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
रजक मोहल्ला शनि मंदिर में भी हुई विशेष पूजा-अर्चना
मुख्य आयोजन के अलावा, जुगसलाई गर्ल्स स्कूल के पीछे रजक मोहल्ला स्थित शनि मंदिर में भी अमावस्या के अवसर पर सुबह 7 बजे से ही पूजा-अर्चना का दौर शुरू हो गया था, जो दिन भर चलता रहा। यहां पंडित रामकिशोर भार्गव ने मंदिर में दर्शन करने आए सैकड़ों भक्तों को विधिवत पूजा कराई और भगवान शनिदेव का प्रसाद वितरित किया।



