
जमशेदपुर में नागरिकों को लाइफ-सेवर बनाने की अनूठी पहल
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के नागरिकों और सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों को आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों के लिए दक्ष बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। शहर के बिष्टुपुर, बी रोड स्थित सिविल डिफेंस कार्यालय में 15 जून से 19 जून 2026 तक पांच दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर में एनडीआरएफ (NDRF) के विशेषज्ञ पदाधिकारियों द्वारा प्रतिभागियों को आधुनिक जीवन-रक्षक तकनीकों की ट्रेनिंग दी जा रही है।

झारखंड और पटना NDRF के संयुक्त सहयोग से आयोजन
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन आयुक्त (नागरिक सुरक्षा, झारखंड, रांची) तथा कमाण्डेन्ट (एनडीआरएफ, पटना) के दिशा-निर्देशों के आलोक में किया जा रहा है। आपदा प्रबंधन के इस विशेष सत्र में 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 70 प्रतिभागी पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ हिस्सा ले रहे हैं। इस ट्रेनिंग का मुख्य उद्देश्य स्थानीय स्तर पर एक ऐसी टीम तैयार करना है जो किसी भी आपातकाल में तुरंत एक्शन ले सके।
READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS: जमशेदपुर में बालश्रम के खिलाफ डालसा की बड़ी मुहिम, मानगो चौक पर मजदूरों को किया जागरूक
जिला प्रशासन और NDRF अधिकारियों ने किया उद्घाटन
प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन जिला प्रशासन के एडीएम (ADM) राहुल आनंद, एनडीआरएफ के सब-इंस्पेक्टर कबि रंजन शर्मा एवं सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन अरुण कुमार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
उद्घाटन के मौके पर एडीएम राहुल आनंद ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आपदा के समय समाज की सेवा के लिए समर्पण की भावना हमेशा जागृत रहनी चाहिए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि संकट के समय त्वरित रिस्पॉन्स ही कई मासूमों की जान बचा सकता है।
गृह मंत्रालय भारत सरकार के विशेष विंग की मुस्तैदी
एनडीआरएफ के सब-इंस्पेक्टर कबि रंजन शर्मा ने प्रशिक्षण के उद्देश्यों पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि गृह मंत्रालय, भारत सरकार के एक विशेष कार्यक्रम के तहत देश के प्रमुख सिविल डिफेंस जिलों में यह आयोजन किया जा रहा है। इसका मकसद आम नागरिकों को तकनीकी रूप से इतना सक्षम बनाना है कि वे किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में प्रशासन के आने से पहले अग्रिम पंक्ति के रक्षक (फर्स्ट रिस्पॉन्डर) के रूप में अपनी अहम भूमिका निभा सकें।
READ MORE..GAMHARIA NEWS:काण्ड्रा से उठी आवाज, कोल्हान के रेल विकास की मांग हुई तेज
प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए विशेषज्ञ कौशल आवश्यक
सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन अरुण कुमार ने कहा कि यद्यपि जिला नागरिक सुरक्षा संगठन द्वारा समय-समय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जाते हैं, परंतु देश की सबसे भरोसेमंद फोर्स एनडीआरएफ द्वारा दिया जा रहा यह प्रशिक्षण अत्यंत विशेष और एडवांस है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से इस जीवन-रक्षक कौशल को गंभीरता से सीखने की अपील की। इस संपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम के सुचारू संचालन की व्यवस्था कार्यालय प्रभारी सुरेश प्रसाद की देखरेख में की जा रही है।


