जमशेदपुर.
तुलसी भवन के प्रयाग कक्ष सभागार में मुकेश रंजन की कविताओं पर केंद्रित वार्षिक पत्रिका “कविता साहित्य वार्षिकी” का भव्य लोकार्पण संपन्न हुआ. कार्यक्रम में शहर के साहित्यकारों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की.
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुजफ्फरपुर (बिहार) से आए राष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त रचनाकार डॉ. संजय पंकज ने पत्रिका के संपादक मुकेश रंजन की रचनाधर्मिता की सराहना करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद उनका साहित्यिक समर्पण प्रेरणादायी है.
विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. संध्या सिन्हा ने साहित्य के प्रति उनके जुनून को उल्लेखनीय बताया. वरिष्ठ रंगकर्मी अनीता सिंह ने आर्थिक चुनौतियों के बीच भी साहित्य के प्रति उनकी निरंतर लगन की प्रशंसा की. वहीं तुलसी भवन के न्यासी मुरलीधर केडिया ने मुकेश रंजन की अदम्य जिजीविषा का उल्लेख करते हुए उनके प्रयासों को सराहा.
कार्यक्रम में मुंबई से आए हिंदी फिल्मों के गीतकार विश्वदीप जीस्ट भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे. अंतिम चरण में कवयित्री रीना सिन्हा सलोनी ने स्वयं पर केंद्रित अंक प्रकाशित करने के लिए आभार व्यक्त किया. अपने संबोधन में संपादक मुकेश रंजन ने पत्रिका को अनवरत प्रकाशित करते रहने का संकल्प दोहराया.
READ MORE :JAMSHEDUR NEWS :साकची में जीण माता परिवार का 20वां वार्षिक महोत्सव 17 मार्च को
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे तुलसी भवन के मानद सचिव डॉ. प्रसेनजीत तिवारी ने संस्थान की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया. संचालन सूरज सिंह राजपूत ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन हरिकृष्ण चावला ने प्रस्तुत किया. साहित्यिक ऊर्जा और आत्मीयता से परिपूर्ण इस आयोजन ने शहर के साहित्यिक माहौल को नई दिशा देने का संदेश दिया.




