
जमशेदपुर । हिन्दू नववर्ष के अवसर पर एक भव्य यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में 16 मार्च 2026, सोमवार को हिन्दू उत्सव समिति द्वारा एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में समाजसेवी नित्यानंद सिन्हा, धर्मेंद्र प्रसाद, हिन्दू उत्सव समिति के संरक्षक शंकर रेड्डी, मंगल अखाड़ा के मुन्ना सिंह, अधिवक्ता राजहंस तिवारी, पवन सिंह, समिति के अध्यक्ष अधिवक्ता रवि प्रकाश, हिन्दू जागरण मंच के प्रमुख अमित शर्मा और सुखदेव समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सभी वक्ताओं ने संयुक्त रूप से जानकारी दी कि 18 मार्च 2026, बुधवार को हिन्दू उत्सव समिति और हिन्दू जनजागरण मंच के तत्वावधान में हिन्दू नववर्ष यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा डिमना चौक स्थित ट्रांसपोर्ट नगर मैदान से प्रारंभ होगी और शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए अंत में साकची सुभाष मैदान (आमबगान) पहुंचेगी।
READ MORE :jamshedpur news :कथाचावक ने जीवन में बदलाव, शिव भक्ति और चरित्र सुधार का दिया संदेश
पांच लाख श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना
आयोजकों ने बताया कि शहर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार बैठकों और जनसंपर्क अभियान के आधार पर इस बार यात्रा में लगभग पांच लाख हिंदुओं के शामिल होने की संभावना है। यात्रा का मुख्य संगम स्थल डिमना ट्रांसपोर्ट मैदान होगा, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्र होकर धार्मिक उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लेंगे।
भव्य झांकियां और आकर्षण होंगे खास
धर्मेंद्र प्रसाद ने बताया कि इस वर्ष यात्रा का मुख्य आकर्षण 21 फीट ऊंची भगवान श्रीराम की प्रतिमा होगी। इसके साथ ही श्रीराम दरबार, शिव परिवार, अघोरी नृत्य और अन्य धार्मिक झांकियां भी प्रस्तुत की जाएंगी।
इसके अलावा 9 फीट ऊंची बजरंगबली की प्रतिमा, रामगढ़ का प्रसिद्ध डंका, बानर सेना की झांकी और आधुनिक भव्य डी.जे. भी यात्रा का हिस्सा होंगे। इन आकर्षणों से यात्रा में शामिल रामभक्तों का उत्साह और भी बढ़ेगा।
महिलाओं की बड़ी भागीदारी की तैयारी
समाजसेवी नित्यानंद सिन्हा ने बताया कि इस वर्ष यात्रा में महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से बढ़ाई जा रही है। हजारों महिलाएं पारंपरिक परिधान में यात्रा में शामिल होकर धर्म और संस्कृति की रक्षा का संदेश देंगी।
उन्होंने बताया कि मंजू जी, सुशीला देवी, अमृता मिश्रा, उषा यादव, शशि आचार्य, संतोषी साहू, दुर्गा साहू और पूजा कुमारी सहित कई महिलाएं इस अभियान का नेतृत्व करेंगी।
व्यवस्था संभालेंगे 200 स्वयंसेवक
हिन्दू उत्सव समिति के अध्यक्ष अधिवक्ता रवि प्रकाश ने बताया कि यात्रा के दौरान व्यवस्था बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने के लिए लगभग 200 कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है। ये कार्यकर्ता पूरे मार्ग में यातायात व्यवस्था और अनुशासन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
हिन्दू समाज से भागीदारी का आह्वान
प्रेस वार्ता में मंगल अखाड़ा के मुन्ना सिंह, हिन्दू जनजागरण मंच के प्रमुख अमित शर्मा, पवन सिंह, प्रिंस और शुभम राज ने शहर के सभी हिंदू समाज से इस यात्रा में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि 18 मार्च को दोपहर 3 बजे सभी लोग अपने घरों से निकलकर इस भव्य यात्रा का हिस्सा बनें और हिन्दू एकता का संदेश दें।



