
जमशेदपुर।
आगामी रामनवमी पर्व की तैयारियों को लेकर मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता ने मानगो क्षेत्र के विभिन्न रामनवमी अखाड़ा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में पर्व के दौरान आने वाली व्यवस्थाओं और संभावित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
अखाड़ा समितियों के सदस्यों ने मेयर को बताया कि रामनवमी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और युवा जुलूस एवं धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेते हैं। ऐसे में नगर निगम द्वारा बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था और सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है।
सफाई, पानी और बिजली व्यवस्था पर जोर
बैठक के दौरान मुख्य रूप से सफाई व्यवस्था, बिजली आपूर्ति, पेयजल की उपलब्धता तथा जुलूस मार्गों की साफ-सफाई को लेकर चर्चा की गई। अखाड़ा समितियों ने कहा कि पर्व के दौरान जुलूस मार्गों और मंदिरों के आसपास विशेष साफ-सफाई और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मेयर ने दिया त्वरित समाधान का आश्वासन
मेयर सुधा गुप्ता ने सभी प्रतिनिधियों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना। उन्होंने आश्वासन दिया कि मानगो नगर निगम की ओर से पूरे क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। जुलूस मार्गों और मंदिरों के आसपास सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि जहां-जहां आवश्यकता होगी वहां पेयजल की व्यवस्था के लिए पानी के टैंकर लगाए जाएंगे। इसके अलावा बिजली विभाग के साथ समन्वय कर पर्व के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
सामाजिक एकता का प्रतीक है रामनवमी
मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि रामनवमी केवल धार्मिक पर्व ही नहीं बल्कि आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक है। इसलिए नगर निगम की जिम्मेदारी है कि श्रद्धालुओं और आम लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो।
सभी के सहयोग से होगा भव्य आयोजन
इस अवसर पर पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि नगर निगम प्रशासन, स्थानीय प्रतिनिधि और अखाड़ा समितियां मिलकर इस पर्व को भव्य, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से मनाने के लिए कार्य करेंगे। उन्होंने सभी अखाड़ा समितियों से भी सहयोग की अपील की ताकि प्रशासनिक व्यवस्थाओं को बेहतर तरीके से लागू किया जा सके।
कई अखाड़ा समितियों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में त्रिवेदी बाबा अखाड़ा के नितिन त्रिवेदी, श्रमिक अखाड़ा समिति के संजय मुखर्जी, महावीर अखाड़ा, पवन अखाड़ा, पवन सूत विजय अखाड़ा, बबुआ सिंह अखाड़ा, श्री श्री बजरंग अखाड़ा, बूढ़ा मंडल अखाड़ा, शिव चरण मुंडा अखाड़ा, राम लक्ष्मण हनुमान अखाड़ा और जन उपकार समिति बजरंग अखाड़ा के प्रतिनिधि सहित मस्तान सिंह और डॉ. संतोष गुप्ता समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
अशोक गोप को दी गई श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के अंत में शिव शंकर समिति अखाड़ा के दिवंगत सदस्य अशोक गोप के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर उनके प्रति अपनी संवेदना प्रकट की।




