
जमशेदपुर।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं के सम्मान, उनकी प्रतिभा और समाज में योगदान को समर्पित एक विशेष सांस्कृतिक एवं सम्मान समारोह “मिट्टी की खुशबू” का आयोजन आगामी 15 मार्च को किया जाएगा। इस भव्य आयोजन का संचालन यूनिटी संस्था द्वारा किया जा रहा है।


महिलाओं की उपलब्धियों को मिलेगा सम्मान
यूनिटी संस्था की संयोजक लवली गिल ने प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि महिला दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में कई सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ होंगी। साथ ही शिक्षा, समाजसेवा, कला, संस्कृति और अन्य क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा से अलग पहचान बनाने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा।
“लॉन्ग लाची” फेम मन्नत नूर रहेंगी सेलिब्रिटी अतिथि
कार्यक्रम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि देशभर में लोकप्रिय गीत “लॉन्ग लाची” से पहचान बनाने वाली प्रसिद्ध गायिका मन्नत नूर इस अवसर पर सेलिब्रिटी अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी। उनकी उपस्थिति कार्यक्रम को खास और यादगार बनाएगी।
केवल मनोरंजन नहीं, महिला सशक्तिकरण का मंच
संस्था के सदस्यों ने बताया कि “मिट्टी की खुशबू” सिर्फ एक मनोरंजन कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह महिलाओं के सम्मान, आत्मबल, संघर्ष और समाज में उनकी भूमिका को उजागर करने वाला एक सशक्त मंच है।
संगीत, संस्कृति और सकारात्मक संदेश के माध्यम से महिला दिवस को एक अलग और प्रेरणादायक रूप में मनाया जाएगा।
प्रवेश निःशुल्क, पास से होगा प्रवेश
कार्यक्रम में कई गणमान्य अतिथियों को आमंत्रित किया जाएगा।
कार्यक्रम स्थल की घोषणा जल्द ही सोशल मीडिया के माध्यम से की जाएगी। कार्यक्रम में प्रवेश पास द्वारा होगा, जो 1 मार्च से निःशुल्क उपलब्ध रहेगा।
प्रेस वार्ता में ये रहे उपस्थित
प्रेस वार्ता के दौरान यूनिटी संस्था की संयोजक लवली गिल के साथ समाजसेवी चंचल भाटिया, आरव सागर, जगजीत सिंह, मनीषा भुइयां, दलजीत सिंह, तुषार दास गुप्ता, जगजीत सिंह जग्गी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।



