
जमशेदपुर। बिहार एसोसिएशन के शताब्दी वर्ष के अवसर पर एसोसिएशन के साहित्यिक एवं सांस्कृतिक पार्श्व ‘दिनकर परिषद’ की ओर से शनिवार, 26 सितंबर 2026 की संध्या राजेंद्र प्रेक्षागृह में दिनकर जयंती समारोह का आयोजन किया गया। बिहार एसोसिएशन के अध्यक्ष ब्रजनंदन चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
दिनकर जनता से सीधे संवाद करने वाले कवि: डॉ. तरुण कुमार
समारोह के मुख्य अतिथि पटना विश्वविद्यालय के पूर्व हिंदी विभागाध्यक्ष एवं पटना कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. तरुण कुमार ने साहित्य और संस्कृति के संरक्षण के लिए बिहार एसोसिएशन की प्रतिबद्धता को गौरव का विषय बताया।
उन्होंने कहा कि दिनकर जनता के कवि हैं और उनकी रचनाओं में पाठकों के सामने अनेक प्रश्न खड़े होते हैं। डॉ. तरुण कुमार ने दिनकर की रचनाओं का उदाहरण देते हुए उन्हें हिंदी का ऐसा कवि बताया, जो जनता से सीधे संवाद करता है। उन्होंने कहा कि दिनकर की कई पंक्तियां आज भी लोगों की जुबान पर मुहावरे की तरह मौजूद हैं।
दिनकर के साहित्य में राष्ट्रभक्ति और भारतीय संस्कृति
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रकवि दिनकर के पौत्र अरविंद कुमार सिंह शामिल हुए। उन्होंने दिनकर के व्यक्तित्व और कृतित्व से जुड़े संस्मरण साझा किए। उन्होंने दिनकर के साहित्य में राष्ट्रभक्ति, स्वाभिमान और भारतीय संस्कृति की अभिव्यक्ति को रेखांकित किया।
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मंचासीन अतिथियों, बिहार एसोसिएशन के अध्यक्ष बी. एन. चौधरी और महासचिव सी. पी. एन. सिंह ने राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ के चित्र का अनावरण, माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS: आदित्यपुर बस्ती के सी-डी रोड में पाइपलाइन जलापूर्ति बहाल, डिप्टी मेयर का लोगों ने जताया आभार
प्रतियोगिता विजेताओं ने किया काव्य-पाठ
दिनकर जयंती के अवसर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों ने समारोह में काव्य-पाठ की प्रस्तुति दी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
समारोह की शुरुआत राजेंद्र विद्यालय की छात्रा कृतिका के मंगलाचरण से हुई। कार्यक्रम के समापन पर उन्होंने सरस्वती वंदना भी प्रस्तुत की।
कार्यक्रम का संचालन बिहार एसोसिएशन के सदस्य भावेश कुमार ने किया। अंत में एसोसिएशन के महासचिव सी. पी. एन. सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया।


