
जमशेदपुर। आगामी दुर्गा पूजा महोत्सव को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए साकची थाना क्षेत्र के सभी पूजा पंडालों में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती की जाएगी। मंगलवार को साकची थाना परिसर में साकची थाना शांति समिति और पूजा समितियों की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण ने की। इसमें साकची थाना क्षेत्र की करीब 16 पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया और पूजा के दौरान आने वाली समस्याओं एवं आवश्यक व्यवस्थाओं से संबंधित मुद्दे सामने रखे।
महिला-पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग प्रवेश-निकास
थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण ने पूजा समितियों से पंडालों में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग प्रवेश एवं निकास व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है।
उन्होंने विशेष रूप से काशीडीह पूजा पंडाल और मेले में संभावित भीड़ को देखते हुए वहां विशेष चौकसी बरतने की बात कही। सभी पूजा पंडालों में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी।
पूजा समितियों को अपने वॉलिंटियर्स के नाम और मोबाइल नंबर थाना को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया, ताकि पुलिस और समितियों के बीच बेहतर समन्वय कायम रहे और किसी भी समस्या का समय पर समाधान किया जा सके।
विसर्जन मार्ग और साफ-सफाई का मुद्दा उठा
शांति समिति के सदस्य परमजीत सिंह काले ने कहा कि दुर्गा पूजा सभी लोगों की आस्था और खुशी का पर्व है। प्रशासन, पूजा समितियों और आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय से श्रद्धालुओं को परेशानी से बचाया जा सकता है। उन्होंने विसर्जन मार्ग, साफ-सफाई, रोशनी और भीड़ नियंत्रण पर पहले से ध्यान देने की आवश्यकता बताई।
बैठक में आमबागान पूजा समिति ने मैदान की साफ-सफाई, हाईमास्ट लाइट दुरुस्त करने और मैदान में खड़ी बसों को हटाने की मांग रखी। वहीं बाल मंदिर पूजा समिति, साकची बाजार ने विसर्जन के दिन लगने वाले हाट और फुटपाथ दुकानों की समस्या उठाते हुए विसर्जन मार्ग को खाली रखने का आग्रह किया।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS: आदित्यपुर बस्ती के सी-डी रोड में पाइपलाइन जलापूर्ति बहाल, डिप्टी मेयर का लोगों ने जताया आभार
पूजा से पहले व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का आश्वासन
बैठक में जुस्को के पदाधिकारी सतीश कुमार तिवारी और राजीव कुमार शर्मा भी मौजूद रहे। उन्होंने पूजा समितियों की ओर से रखी गई समस्याओं को दर्ज किया और पेड़ कटाई, साफ-सफाई तथा लाइटिंग सहित आवश्यक व्यवस्थाओं को पूजा से पहले दुरुस्त करने का आश्वासन दिया।
पूजा समितियों को अपने स्तर से प्रशिक्षित वॉलिंटियर्स की तैनाती करने और किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा गया। बैठक में सप्तमी से विसर्जन तक शांति समिति के सदस्यों से सक्रिय रहकर प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।
बैठक में पूजा समिति के सदस्य ओम प्रकाश, देबाशीष नाहा, मनोज मिश्रा, राकेश साहू, डीके घोष, विकास दुबे, तरुण कुमार साहू, सुशांत साहू, अमित कुमार सिंह, अंकित जवानपुरिया, शशांक बाजपेई, विकास सिंघानिया, सैयद कलीम, तेज प्रताप पांडे, उमेश शर्मा, सोनू राजा खान, परमजीत सिंह काले, हरविंदर सिंह, हसीन अहमद, आदर्श मेहंदी, सनी संघी, डॉ. उधम सिंह, जमाल अहमद, शांतनु बोस, मुन्ना खान समेत अन्य लोग मौजूद रहे। पुलिस की ओर से थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव, संजीव कुमार, डीएसपी नगर राजीव कुमार, अभिनव कुमार, सुमित कुमार, मुकेश कुमार और पंकज कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित थे।


