
जमशेदपुर : ममता, त्याग और प्रेम की प्रतिमूर्ति माँ को सम्मान देने के उद्देश्य से जमशेदपुर के घुटिया स्थित राजेंद्र विद्यालय में ‘मदर्स डे’ (Mother’s Day) का भव्य और भावनात्मक आयोजन किया गया । इस खास मौके पर पूरा विद्यालय परिसर उत्साह, उल्लास और पारिवारिक स्नेह से सराबोर दिखा । कार्यक्रम में बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी माताओं के प्रति गहरा प्रेम और सम्मान व्यक्त किया ।
भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने किया भावुक
कार्यक्रम का शानदार शुभारंभ राजेंद्र विद्यालय की प्रधानाचार्या खुशबू ठाकुर ने माताओं के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर किया । विद्यार्थियों ने सबसे पहले मधुर स्वागत गीत गाकर सभी माताओं का अभिनंदन किया । इसके बाद ‘मदर डॉटर डूयल डांस’ में मां और बेटी का बेहतरीन तालमेल देखने को मिला । वहीं, “तेरी उंगली पकड़कर चला” गीत पर बच्चों की नृत्य और एक्टिंग की भावपूर्ण प्रस्तुति ने वहां मौजूद सभी लोगों की आंखें नम कर दीं ।
माताओं के लिए हुईं कई रोचक प्रतियोगिताएं
इस समारोह में केवल बच्चों ने ही नहीं, बल्कि माताओं ने भी बढ़-चढ़कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। माताओं के लिए कई मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें “म्यूजिकल चेयर”, “रैम्प वॉक”, “कुक विदाउट फायर” और “रंगोली प्रतियोगिता” मुख्य आकर्षण का केंद्र रहीं । प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता माताओं को विद्यालय परिवार की ओर से सम्मानित किया गया ।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या ने कहा कि माँ बच्चे की पहली गुरु होती है । बच्चों के जीवन में संस्कार, अनुशासन और सफलता की नींव माँ ही रखती है, इसलिए मातृ शक्ति का सम्मान ही समाज का वास्तविक सम्मान है ।
READ MORE :Jamshedpur News :तुलसी भवन में रविवार की शाम ‘सहयोग’ की आम सभा का हुआ आयोजन
अभिभावकों ने की विद्यालय की पहल की सराहना
कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों ने विद्यालय की इस भावनात्मक और प्रेरणादायक पहल की जमकर सराहना की । उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से परिवार और विद्यालय के बीच के संबंध और अधिक मजबूत होते हैं । सभी माताओं ने इस दिन को खुलकर एंजॉय किया और कहा कि ऐसे आयोजन हर साल होने चाहिए, ताकि उन्हें भी घर की चारदीवारी से बाहर निकलकर अपना हुनर दिखाने का अवसर मिल सके । अंत में सभी माताओं को उपहार और शुभकामना संदेश देकर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई ।



