
घाटशिला: पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला (Ghatshila) अनुमंडल अंतर्गत मऊभंडार ओपी क्षेत्र से लापता हुई एक 15 वर्षीय नाबालिग बच्ची को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 48 घंटे के भीतर ओडिशा से सुरक्षित बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने बच्ची को कथित तौर पर शादी की नीयत से भगाकर ले जाने वाले एक नाबालिग लड़के को भी पकड़ा है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्ची को सुरक्षित उसके परिजनों को सौंप दिया गया है।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS : पोटका विधायक पर दो अभियंताओं से मारपीट का आरोप, संगठनों ने की सार्वजनिक माफी की मांग
मां की शिकायत पर पुलिस ने दिखाई तत्परता
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुतलुडुंगरी गांव की रहने वाली 15 वर्षीय बच्ची अचानक लापता हो गई थी।बेटी के लापता होने से परेशान उसकी मां ने तुरंत मऊभंडार ओपी में मामले की शिकायत दर्ज कराई।शिकायत की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित रूप से भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 137(2) के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर जांच शुरू कर दी। तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को बच्ची के ओडिशा (Odisha) में होने की जानकारी मिली, जिसके बाद उसे सकुशल वापस लाने के लिए प्रयास तेज कर दिए गए।
ओडिशा से सुरक्षित बरामदगी
पुलिस की सक्रियता और लगातार कोशिशों का नतीजा रहा कि लापता बच्ची को 48 घंटे के भीतर ओडिशा से सुरक्षित ढूंढ निकाला गया।जांच में यह बात सामने आई कि एक नाबालिग लड़का शादी के उद्देश्य से उसे कथित तौर पर भगाकर ले गया था। पुलिस ने उस लड़के को भी पकड़ लिया है।बरामदगी के बाद पुलिस ने बच्ची की सुरक्षा और उसके हितों को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं और उसे परिजनों के हवाले कर दिया। बेटी को सुरक्षित पाकर परिजनों ने बड़ी राहत की सांस ली है।

