
जमशेदपुर / घाटशिला।
घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज होती जा रही है। बुधवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के चुनावी कार्यालय फुलडूंगरी में आयोजित प्रेस वार्ता में झामुमो प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक कुणाल षाडंगी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर मतदाताओं को भ्रमित करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि भाजपा झूठे आरोप लगाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है, जबकि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार लगातार जनता के हित में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास झूठ फैलाने के अलावा कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है।
कुणाल षाडंगी ने उदाहरण देते हुए कहा कि अनुमंडल अस्पताल के बाहर राष्ट्रीय राजमार्ग पर अंडरपास नहीं बनने के कारण कई लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन भाजपा इस पर मौन है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बार-बार इस मुद्दे पर केंद्र से पहल की मांग कर चुकी है, लेकिन केंद्र सरकार ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
झामुमो प्रवक्ता ने धालभूमगढ़ एयरपोर्ट के मुद्दे पर भी भाजपा पर झूठ फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार एयरपोर्ट निर्माण को लेकर जनता को गुमराह कर रही है, जबकि राज्य सरकार इसके निर्माण के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने दावा किया कि वास्तव में स्थानीय स्तर पर भाजपा के ही कुछ कार्यकर्ता इस परियोजना का विरोध कर रहे हैं, जिससे काम में बाधा उत्पन्न हो रही है।
कुणाल षाडंगी ने कहा कि स्वर्गीय रामदास सोरेन के विधायक रहने के समय कई माइंस खोले गए थे, लेकिन बाकी खदानें आज भी पर्यावरण स्वीकृति न मिलने के कारण रुकी हुई हैं। उन्होंने कहा कि यह स्वीकृति देना केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है, न कि राज्य की।
उन्होंने भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन के उस बयान की भी आलोचना की जिसमें उन्होंने कहा था कि भाजपा कुम्हार समाज को एसटी दर्जा दिलाएगी। कुणाल षाडंगी ने कहा, “जब केंद्र सरकार अब तक ओबीसी आरक्षण लागू नहीं कर सकी, तो किसी समाज को नया दर्जा देने का वादा सिर्फ चुनावी जुमला है।”
उन्होंने कहा कि भाजपा झूठे वादों के सहारे जनता को दिग्भ्रमित करने की राजनीति कर रही है, जबकि झामुमो सरकार गांव, गरीब और किसान के विकास के प्रति समर्पित है।
READ MOrE :JAMSHEDPUR NEWS : बाल कवियों की कविताएं उड़ान का 13 को रेड क्रॉस सभागार में होगा विमोचन
इस प्रेस वार्ता में सीपीआई नेता भुवनेश्वर तिवारी, आंदोलनकारी रामदास हांसदा, और कई झामुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एकस्वर में कहा कि जनता इस बार भाजपा के झूठे प्रचार में नहीं आएगी और महागठबंधन प्रत्याशी सोमेश सोरेन को विजयी बनाएगी।

