जंमशेदपुर।
भारत निर्वाचन आयोग ने 45-घाटशिला (अ.ज.जा.) विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव की घोषणा कर दी है। उपचुनाव की घोषणा के साथ ही जिले में आदर्श आचार संहिता (Model Code of Conduct) तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। इस संबंध में समाहरणालय सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी और वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने उपचुनाव की तिथियों और प्रशासनिक तैयारियों की जानकारी दी।
निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, अधिसूचना 13 अक्टूबर 2025 को जारी होगी, नामांकन की अंतिम तिथि 21 अक्टूबर, नामांकन पत्रों की जांच 22 अक्टूबर, और नाम वापसी की अंतिम तिथि 24 अक्टूबर 2025 तय की गई है। मतदान 11 नवंबर (मंगलवार) को होगा जबकि मतगणना 14 नवंबर (शुक्रवार) को की जाएगी। निर्वाचन प्रक्रिया 16 नवंबर 2025 तक पूर्ण कर ली जाएगी।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि चुनाव प्रक्रिया के सफल संचालन के लिए कुल 15 कोषांग (cells) गठित किए गए हैं, जिनमें निर्वाचन, प्रशिक्षण, ईवीएम, व्यय लेखा, वाहन, सूचना प्रौद्योगिकी, MCC & Law & Order, SVEEP, मीडिया और एमसीएमसी कोषांग प्रमुख हैं। सभी नोडल पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों और कार्यों के संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
उन्होंने आगे बताया कि घाटशिला उपचुनाव के लिए निर्वाची पदाधिकारी के रूप में अनुमंडल पदाधिकारी सुनील चंद्रा को नियुक्त किया गया है, जबकि सहायक निर्वाची पदाधिकारी के रूप में सीओ धालभूमगढ़, सीओ घाटशिला और बीडीओ घाटशिला की भूमिका तय की गई है। नामांकन की प्रक्रिया अनुमंडल कार्यालय, घाटशिला में संपन्न होगी। मतदाता नामांकन की अंतिम तिथि के 10 दिन पूर्व तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने का आवेदन कर सकते हैं।
वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने बताया कि चुनाव के दौरान विधि-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। जिले में 16 चेकनाका बनाए जाएंगे — जिनमें 10 इंटरस्टेट, 5 इंटरडिस्ट्रिक्ट और 1 शहरी क्षेत्र में होंगे। उन्होंने कहा कि फरार अपराधियों की गिरफ्तारी, लाइसेंसी हथियारों का सत्यापन, और अवैध नगद, शराब व उपहार की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा, क्रिटिकल बूथों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी ताकि मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।




