जमशेदपुर।
शहर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित खाऊ गली गुरुवार देर शाम उस समय गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठी, जब अज्ञात अपराधियों ने चक्रधरपुर विधायक सुखराम उरांव के नगर परिषद स्तरीय प्रतिनिधि समरेश सिंह उर्फ गुड्डू को गोली मार दी। घटना के समय समरेश सिंह गली में आइसक्रीम खा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार दो हमलावरों ने बेहद नजदीक से उन पर फायरिंग की। एक गोली उनकी गर्दन में जा लगी, जिससे वे बुरी तरह घायल हो गए। उन्हें तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
READ MORE :Jamshedpur News :बिरसानगर पीताम्बरा मंदिर में धूमधाम से मना गुरुपूर्णिमा महोत्सव
दो खोखे बरामद, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना पर सीसीआर डीएसपी मनोज ठाकुर, बिष्टुपुर थाना प्रभारी उमेश ठाकुर समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा। जांच के दौरान घटनास्थल से दो खोखे बरामद हुए हैं। पुलिस हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अब तक हमले के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
READ MORE :Jamshedpur News :CA बनीं रीतराज कौर को CGPC ने किया सम्मानित, समाज में खुशी की लहर
विधायक का करीबी माने जाते हैं समरेश
समरेश सिंह, चक्रधरपुर के वार्ड नंबर 17 के निवासी हैं। वे चक्रधरपुर विधायक सुखराम उरांव के करीबी माने जाते हैं। 1 जनवरी 2025 को उन्हें विधायक ने नगर परिषद स्तरीय प्रतिनिधि नियुक्त किया था। इससे पहले वे भाजपा से जुड़े थे, लेकिन 2024 में झामुमो का दामन थाम लिया था।
उनके पिता स्वर्गीय शिव मंगल सिंह रेलवे में कार्यरत थे। समरेश सिंह भाइयों में सबसे छोटे हैं और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।
READ MORE :Jamshedpur News :खरकई नदी खतरे के निशान से ऊपर, स्वर्णरेखा भी पहुंची नजदीक
खाऊ गली में मची भगदड़, दुकानदारों में दहशत
घटना के बाद खाऊ गली में अफरा-तफरी मच गई। दुकानदारों ने आनन-फानन में दुकानें बंद कर दीं और स्थानीय लोगों में भय का माहौल उत्पन्न हो गया। आमतौर पर शाम के समय यह क्षेत्र काफी भीड़भाड़ वाला होता है।
नेताओं ने की हमले की निंदा
घटना के बाद झामुमो नेताओं ने इसे पूर्व नियोजित हमला बताते हुए दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं, आम लोगों ने भी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं और खाऊ गली जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की है।

