
जमशेदपुर: बी.एड., एम.एड., बी.पी.एड. और एम.पी.एड. संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा-2026 का आयोजन 31 मई 2026 (रविवार) को होने जा रहा है। परीक्षा का समय सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिला मुख्यालय में कुल 07 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देश पर समाहरणालय सभागार में प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और केन्द्राधीक्षकों की एक महत्वपूर्ण ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई।

READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS: मानगो जलापूर्ति योजना फेज 2 का रास्ता साफ, पाइपलाइन रूट की बाधाएं दूर
अधिकारियों को सुबह 7 बजे से तैनात रहने के निर्देश
बैठक में एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, एसडीएम धालभूम, सिटी एसपी और ग्रामीण एसपी ने परीक्षा के सफल संचालन को लेकर कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। परीक्षा केंद्रों पर शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भ्रमणशील दण्डाधिकारी (फ्लाइंग स्क्वाड), स्टैटिक दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी तैनात अधिकारियों और कर्मियों को 31 मई की सुबह 07:00 बजे से ही अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर मुस्तैद रहने का आदेश दिया गया है।
परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले पहुंचेगी फोर्स
प्रशासन ने सख्त हिदायत दी है कि सभी स्टैटिक दण्डाधिकारी और पुलिस अधिकारी परीक्षा शुरू होने से कम-से-कम दो घंटे पहले, यानी सुबह 08:00 बजे तक अपने संबंधित केंद्रों पर हर हाल में रिपोर्ट करेंगे। अधिकारियों को परीक्षा संचालन से जुड़े नियमों का अक्षरशः पालन करने को कहा गया है। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, अफवाह या कदाचार (चीटिंग) की संभावना पर त्वरित और कठोर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
बिना फ्रिस्किंग एंट्री नहीं, इन चीजों पर लगा पूर्ण प्रतिबंध
परीक्षार्थियों के लिए जिला प्रशासन ने सख्त गाइडलाइंस जारी की है। परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, ईयरफोन, स्मार्ट वॉच, डिजिटल डायरी, कैलकुलेटर या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स ले जाना पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा छात्र अपने साथ किताब, नोटबुक, लॉग बुक, सादा कागज या बैग भी परीक्षा हॉल में नहीं ले जा सकेंगे। सभी केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच (अनिवार्य फ्रिस्किंग) की जाएगी। बिना जांच के किसी भी परीक्षार्थी को अंदर जाने की अनुमति नहीं होगी।


