जमशेदपुर: आगामी 03 मई 2026 को आयोजित होने वाली NEET (UG)-2026 परीक्षा के सफल और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। मंगलवार को समाहरणालय सभागार में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पुलिस, प्रशासन, शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारियों सहित परीक्षा केंद्रों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
8 केंद्रों पर 4231 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा
बैठक में दी गई जानकारी के अनुसार, जिले के 6 प्रमुख शिक्षण संस्थानों में कुल 8 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इस वर्ष जमशेदपुर में कुल 4231 परीक्षार्थी इस प्रतिष्ठित मेडिकल प्रवेश परीक्षा में सम्मिलित होंगे।
प्रमुख परीक्षा केंद्र:
लाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल (LBSM) कॉलेज, करनडीह
को-ऑपरेटिव कॉलेज
वीमेन्स यूनिवर्सिटी, जमशेदपुर
द ग्रेजुएट कॉलेज फॉर वीमेन्स
राजकीय आदिवासी हाई स्कूल, सीतारामडेरा
ए.बी.एम कॉलेज, गोलमुरी
प्रवेश का समय और कड़े नियम
परीक्षा का समय: दोपहर 2:00 बजे से।
प्रवेश की अनुमति: सुबह 11:00 बजे से दोपहर 01:30 बजे तक ही दी जाएगी।
महत्वपूर्ण: दोपहर 01:30 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को केंद्र के भीतर प्रवेश नहीं मिलेगा।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS : योग गुरु अंशु सरकार का अंतरराष्ट्रीय सम्मान, वियतनाम में लहराएंगे योग का परचम
सुरक्षा और पारदर्शिता के लिए विशेष इंतजाम
उपायुक्त राजीव रंजन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए केवल सरकारी कर्मियों को ही इनविजिलेटर (वीक्षक) के रूप में तैनात किया जाए। इसके अलावा अन्य महत्वपूर्ण निर्देश निम्न हैं:
वीडियोग्राफी और फ्रिस्किंग: सभी केंद्रों पर अभ्यर्थियों की कड़ी तलाशी (फ्रिस्किंग) ली जाएगी और परीक्षा की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी।
ट्रैफिक और सुरक्षा: शहर के प्रमुख चौराहों और केंद्रों के पास मजिस्ट्रेट और पुलिस बल तैनात रहेंगे ताकि यातायात सुगम रहे और अनावश्यक भीड़ न हो।
सैनिटाइजेशन: परीक्षा से एक दिन पहले सभी केंद्रों को सैनिटाइज कर सील कर दिया जाएगा।
मूलभूत सुविधाएं: केंद्रों पर निर्बाध बिजली, पेयजल और शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
बैठक में सिटी एसपी, एसडीएम धालभूम, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर समेत कई विभागों के कार्यपालक अभियंता और कॉलेज प्रबंधन के प्रतिनिधि मौजूद रहे।



